बड़ा हादसा : स्वामी आत्मानंद स्कूल के 4 बच्चे डैम में डूबे, दो के शव बरामद- दो की तलाश जारी

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ में पखवाड़े भर तक बारिश के चलते ज्यादातर नदी-नाले उफान पर हैं। कोंडागांव जिले में भी लगभग ऐसी ही स्थिति है। कोंडागांव थाना क्षेत्र में पड़ने वाले गांव बफना में एक छोटा सा डैम है।इस डैम के पास स्वामी आत्मानंद स्कूल के 9 बच्चे घूमने गए थे। इनमें से चार एक-एक कर डैम में डूब गए। इस बात की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और मछुआरों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 2 बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शेष 2 बच्चों की तलाश गोता खोर कर रहे हैं। सभी बच्चे आत्मानन्द स्कूल के स्टूडेंट बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, कोंड़ागांव से 6 किलोमीटर दूर बफना गांव है। इस गांव में एक छोटा सा डैम है। आसपास के लोग इस डैम के पास घूमने के लिए जाते रहते हैं। शुक्रवार को कोंडागांव के स्वामी आत्मानंद स्कूल के 9 छात्र भी परीक्षा देने के बाद डैम के पास घूमने के लिए पहुंच गए। वे कुछ देर किनारे में बैठे रहे, फिर पानी में नहाने के लिए उतरे।
चार छात्र डैम में उतरे थे नहाने
डैम की गहराई का अंदाजा न होने की वजह से बच्चे आगे बढ़ते गए और गहरे पानी में चले गए। जिससे 4 छात्र पानी में डूब गए। उन्हें बचाने के लिए अन्य 5 छात्र भी आगे बढ़े। वे भी डूबने लगे थे। सभी छात्र एक दूसरे का हाथ पकड़कर पानी में उतरे थे। जब बच्चे डूबने लगे तो वहां मौजूद ग्रामीणों ने देखा। जिसके बाद फौरन उन्होंने 5 बच्चों को बाहर निकाल लिया। इस हादसे की सूचना कोंडागांव सिटी कोतवाली, स्कूल प्रबंधन और जिला प्रशासन की टीम को दी गई। मौके पर पहुंचे जवानों ने ग्रामीणों की मदद से पानी में डूबे 2 छात्रों के शव बरामद कर लिए हैं। 2 की तलाश जारी है। अब तक जिन छात्रों के शव मिले हैं, वह धमतरी औऱ केशकाल के रहने वाले थे। वहीं केशकाल और कोंडागांव का एक-एक छात्र लापता हैं।
ये बच्चे गए थे घूमने
स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाले 9 दोस्त रोशन सोनी, शेख अजहान खान, आशीष गुप्ता, भवदीप तिवारी, सादाब अहमद, चंद्रकांत, मोहित कश्यप, लखेंद्र मरकाम, तुसार नेताम डैम के पास घूमने गए थे। इसमें नहाने गए मोहित कश्यप, चंद्रकांत, लखेंद्र मरकाम और तुसार मरकाम जैसे ही पानी में डूबे, उन्हें बचाने के लिए बाकी भी डूबते चले गए। इसमें मोहित कश्यप और चंद्रकांत का शव निकाल लिया गया है। लखेंद्र और तुसार की गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS