'मंडौस' बदलेगा मौसम : बंगाल की खाड़ी में उठ रहा तूफान कल से मचाएगा खलबली, 10 को बारिश और फिर ठंड बढ़ने के आसार

मंडौस बदलेगा मौसम : बंगाल की खाड़ी में उठ रहा तूफान कल से मचाएगा खलबली, 10 को बारिश और फिर ठंड बढ़ने के आसार
X
बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान के कारण छत्तीसगढ़ का मौसम बदल सकता है, मंडौस चक्रवात के बाद प्रदेश में बढ़ेगी ठंड। पढ़िए पूरी खबर ...

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान के कारण छत्तीसगढ़ का मौसम बदल सकता है। इसके प्रभाव से 8 दिसम्बर से बस्तर और दुर्ग संभाग में बादल छाने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 10 दिसम्बर को हल्की से मध्यम स्तर की बरसात हो सकती है।

बताया जा रहा है कि, बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान मंडौस 8 दिसम्बर को तमिलनाडु के पास पहुंचेगा। यह पुंडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटों को भी प्रभावित करेगा। इसकी वजह से तमिलनाडु, पुंडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी पड़ेगा। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के से मिली सूचना के मुताबिक, इस तूफान के कारण से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में 8 दिसंबर को हल्के बदल छाएंगे और 10 दिसंबर को प्रदेश में बरसात हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार सर्दी के मौसम में उत्तर से सूखी और ठंडी हवाओं के आने और दक्षिण से नमी युक्त हवा के एक बिंदु पर मिलने से बरसात की संभावना बढ़ जाती है। छत्तीसगढ़ में ऐसा 10 दिसम्बर को होने जा रहा है।

साल का तीसरा चक्रवाती तूफान है मंडौस

मंडौस तूफान 2022 का तीसरा चक्रवात है। इसका नामकरण संयुक्त अरब अमीरात ने किया है। अरबी में इसका अर्थ है- खजाने का पिटारा। इस साल का पहला तूफान असानी जो बंगाल की खाड़ी में मई के महीने में बना था। इसका नामकरण श्रीलंका ने किया था। अक्टूबर में साल का दूसरा तूफान सितरंग चक्रवात बांग्लादेश में तबाही मचाई थी। इसको यह नाम थाईलैंड ने दिया था।

बरसात के बाद प्रदेश में बढ़ेगी ठंड

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक तापमान में कुछ खास परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि बादलों के आने से रात का तापमान गर्म होने और बरसात के बाद मौसम के ठंडे होने की संभावनाएं जताई जा रही है। दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। एक दिन पहले तक प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस था जो दंतेवाड़ा में मापा गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा जो कवर्धा में रिकॉर्ड हुआ। रायपुर का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा है।

Tags

Next Story