माथुर ने भाजपा नेताओं से कहा- प्रदेश सरकार पर दसों दिशाओं से करें हमला

रायपुर। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर का प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक एक अलग ही अंदाज नजर आया। उन्होंने भाजपा के सभी नेताओं से साफ शब्दों में कहा, अब वह समय आ गया है, जब आप सबको प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर दसों दिशाओं से हमला करना है। यही नहीं, सेना में सबसे आगे पैदल चलने वाली हरावल दस्ते की टुकड़ी की तरह कांग्रेस की तरफ से होने वाले हर आक्रमण का मुंह तोड़ जवाब दें। इसी के साथ अब तक बची नियुक्तियों पर नाराजगी जताते हुए कहा है, सरगुजा में 21 जनवरी से होने वाली कार्यसमिति से पहले सभी नियुक्तियां पूरी कर लें।
इसके बाद किसी भी तरह की कोई नियुक्ति नहीं होगी।
प्रदेश भाजपा संगठन ने चुनावी साल में प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक राजनांदगांव में की। इस बैठक में संगठन को मजबूत करने का मंत्र तो राष्ट्रीय नेताओं ने दिया है, लेकिन नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने एक बार फिर से अपनी दूसरी बैठक में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करने के निर्देश दिए। इस बार श्री माथुर से भाजपा नेताओं को सेना के जवानों की तरह प्रदेश सरकार पर आक्रमण करने के लिए कहा। उन्होंने कहा, चारों दिशाएं तो आम बात हैं, प्रदेश सरकार पर दसों दिशाओं से ताबड़तोड़ ऐसा हमला करें कि उसको संभलने का मौका ही न मिले।
इसी के साथ अगर कांग्रेस की तरफ से किसी भी तरह का हमला होता है तो अपने को सेना के हरावल दस्ते की तरह तैयार रखें, जो हर दिशा से होने वाले हमले का जवाब देने में सक्षम होता है। कहीं से भी आपको कमजोर नहीं पड़ना है। अब यह युद्ध का समय है। इस युद्ध में जीतने के लिए हर तरह से तैयार रहना होगा।
नियुक्तियां न होने पर खफा
प्रदेश प्रभारी प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद मोर्चा और जिलों में बदलाव तथा नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब तक कार्यकारिणी न बनने को लेकर खफा नजर आए। उनका सवाल था, अब तक क्योंकर नियुक्तियां नहीं हो सकी हैं। उल्लेखनीय है, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने 15 नवंबर तक का समय नियुक्तियों के लिए दिया था, लेकिन तय समय में महज भाजयुमो, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक मोर्चा की ही कार्यकारिणी बन सकी है। अब तक रायपुर शहर जिला की भी कार्यकारिणी नहीं है। इसी के साथ 11 जिले और बचे हैं। एक सक्ती जिले की हीकार्यकारिणी बन सकी है। अब बची हुई नियुक्तियों के लिए 20 जनवरी की अंतिम है।
आज भाजयुमो और ओबीसी मोर्चा की बैठक
प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने राजनांदगांव के बाद छोटे से बालोद जिले का रुख किया और वहां पर मंगलवार को बैठक ली। अब बुधवार को वे रायपुर में भाजयुमो और ओबीसी मोर्चा की बैठक लेंगे। सभी को मिशन-2023 के लिए तैयार किया जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS