मंत्री कवासी लखमा ने पूर्व मुख्यमंत्री को बताया झोलाछाप डॉक्टर, मूणत का पलटवार- यह चिकित्सक वर्ग का अपमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह को आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने झोलाछाप डॉक्टर बताया है। दरअसल डाक्टर रमन आयुर्वेदिक डाक्टर हैं। मंत्री लखमा ने कहा कि इस बार के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आदिवासियों, किसानों, मजदूरों के लिए काम करने वाले व्यक्ति हैं। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इतना अच्छा काम किया है कि कोविड के दौर में भी बाजार में पैसा आया और लोगों की आर्थिक स्थिति सुधरी। अच्छा काम करने की वजह से कांग्रेस सरकार को बदनाम करने की साजिश भाजपा करती रहती है।
लखमा ने आगे कहा कि डॉ रमन सिंह और भाजपा कांग्रेस सरकार को लेकर उल्टे सीधे आरोप लगाते रहते हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 15 सीटें मिली थीं, आने वाले दिनों में एक भी सीट भाजपा को हासिल नहीं होगी। यह बातें लखमा ने रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। दरअसल हाल ही में कवासी लखमा ने बस्तर के आदिवासी नेताओं के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की थी। इसे लेकर भाजपा ने कहा था कि आदिवासी इलाके में शायद कुछ ठीक नहीं चल रहा। इसी बात के जवाब में कवासी लखमा ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि बस्तर के विकास को लेकर चर्चा करने मुख्यमंत्री निवास गए थे।
राजेश मूणत ने कहा- ये तो चिकित्सकों का अपमान
कवासी लखमा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह को झोलाछाप डॉक्टर कहे जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमारी 1 सीट भी आएगी या नहीं, ये छत्तीसगढ़ की जनता तय करेगी। आप जिस भाषा का प्रयोग 15 वर्ष के मुख्यमंत्री एवं आयुर्वेदिक डॉक्टर आदरणीय डॉ रमन सिंह के लिए कर रहे हैं, उससे आप सीधा-सीधा आयुर्वेदिक चिकित्सक वर्ग एवं प्रदेश की जनता का अपमान कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS