मंत्री रविन्द्र चौबे बोले- मंत्रियों का प्रभार बदलना चुनावी तैयारी का हिस्सा

रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार के ढाई साल पूरे होते ही मंत्रियों के जिले के प्रभार भी बदले गए। मंत्रियों के जिले का प्रभार तीसरी बार बदला गया है। मंत्री रविंद्र चौबे ने इसे लेकर कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जिलों के विकास कार्यों में किसका, कितना योगदान हो सकता है, इसे देखते हुए यह जिम्मेदारी दी गई है।
संभावित रूप से निरंतर बैठक, संवाद और जनसंपर्क होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विवेकाधिकार है, जिस मंत्री को जिन जिलों की जवाबदारी दी गई है, वे अपने जिले में बेहतर कार्य करेंगे। प्रभार बदलने और मिशन- 2023 को लेकर उन्होंने कहा कि राजनीतिक पार्टियां चुनाव की तैयारियों को हर दृष्टि से ध्यान में रखती हैं। केवल जिलों के प्रभार बदलने को आधार मत मानिए। मंत्री श्री चौबे ने कहा कि प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया संगठन के प्रशिक्षण शिविर में आए थे, राजीव भवन में बैठक हुई थी। उस समय सभी वर्गों, प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों से उन्होंने चर्चा की है। राजनीतिक दल संभावित चुनाव को लेकर के तैयारी करते हैं, इससे जोड़कर भी देख सकते हैं।
जनता पूछेगी-15 साल क्यों दिया धोखा
धान खरीदी केंद्रों में भाजपा की समिति को लेकर मंत्री श्री चौबे ने कहा कि वे धान खरीदी केंद्रों पर जाएंगे तो सबसे पहले जनता उनसे पूछेगी कि आपने 15 साल तक किसानों को धोखा क्यों दिया। केंद्र सरकार ने 60 लाख मीट्रिक टन चावल खरीदने का वादा किया था। उन्होंने क्यों नहीं खरीदा। छत्तीसगढ़ की सरकार अपने बजट से धान की खरीदी करती है। उसमें केंद्र सरकार लगातार अड़ंगा क्यों करती है। भाजपाइयों को इसका उत्तर देना पड़ेगा।
रमन सिंह की एक्सीडेंटल सरकार बनी
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश के बयान पर मंत्री रविंद्र चौबे ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक स्थिति और छत्तीसगढ़ के राजनीतिक परिस्थितियों से शिवप्रकाश को ज्यादा अवगत नहीं कराया गया है। किसी के सहयोग से सरकार बनने का काम 2003 में हुआ था। रमन सिंह की एक्सीडेंटल सरकार बनी थी। श्री चौबे ने कहा कि एक्सीडेंटल गवर्नमेंट के बाद भी दोनों चुनाव में खुलेआम कुछ लोगों द्वारा कांग्रेस के साथ विश्वासघात किया जाता रहा। उनको कैसे सहयोग करते रहे, यह पूरे छत्तीसगढ़ की जनता जानती है, लेकिन इस बार भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी है। छत्तीसगढ़ के किसानों और आम जनता ने ये सरकार बनाई है, इसमें किसी को कोई संशय नहीं है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS