मिशन-2023 : सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख के लिए भाजपा की तैयारी तेज, अब नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति, पढ़िए...किसे मिली कहां की जिम्मेदारी...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा तैयारियों में जुटी हुई है। राष्ट्रीय नेताओं का लगातार छत्तीसगढ़ दौरा और प्रदेश संगठन में बदलाव किए जा रहे हैं। पहले प्रदेश अध्यक्ष फिर नेता प्रतिपक्ष और अब जिला अध्यक्ष बदले गए हैं। दरअसल प्रदेश भाजपा ने 13 जिलों के नए जिलाध्यक्ष का ऐलान कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने यह नियुक्ति की है। रायपुर जिला की जिम्मेदारी वरिष्ठ भाजपा नेता जयंती भाई पटेल को सौंपी गई है। इसी के साथ ही भिलाई में बृजेश ब्रिजपुरिया, राजनांदगांव में रमेश पटेल, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में संजीव साह, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में धमन साहू, नारायणपुर में रूप साय सलाम, सुकमा में धनीराम बारसे, शक्ति में कृष्णकांत चंद्रा, जांजगीर-चांपा में गुलाब चंदेल, सारंगढ़ में सुभाष जालान, जसपुर में सुनील गुप्ता, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में अनिल केसरवानी और कोरिया में कृष्ण बिहारी जयसवाल को नियुक्त किया गया है।
4 सालों में कांग्रेस ने नहीं किया एक भी काम
रायपुर के नए जिलाध्यक्ष जयंती पटेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बीते 4 सालों में कांग्रेस ने एक भी काम नहीं किए हैं। इस दौरान कांग्रेस ने सिर्फ घोषणा की है। भाजपा ने अपने 15 साल के शासन में जो विकास कार्य किए थे, उसे जनता अच्छे से जानती है और 2023 के चुनाव में भाजपा एक बार फिर कांग्रेस को मात देगी। जिलाध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बुधवार को हरिभूमि और आईएनएच न्यूज़ ग्रुप से चर्चा करते हुए जयंती पटेल ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को उनकी सेवा और समर्पण का फल अवश्य मिलता है। वे लगातार 25 वर्ष से पार्टी की सेवा कर रहे थे और आज उन्हें पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी है।
जमीनी स्तर पर करेंगे काम
जयंती पटेल ने कहा कि समय सबका निश्चित होता है। मैंने शुरू से संगठन को कैरियर समझ कर काम किया, उसे ध्यान में रखकर पार्टी ने जिम्मेदारी दी। काम के आधार पर मेरा चयन हुआ। जयंती भाई पटेल ने कहा कि हम जमीनी स्तर पर काम करेंगे। बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करेंगे। अभी हमारी सरकार नहीं है, लेकिन 15 साल तक भाजपा ने जो काम किया है, उसी आधार पर हम चुनाव में जाएंगे। कांग्रेस सरकार ने कोई काम नहीं किया सिवाय वादे के। हम मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेकेंगे।

© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS