मिशन 2023 : दुर्ग पहुंचे नितिन नबीन, बोले- कांग्रेस सरकार के राज में सबसे अधिक धर्मांतरण और भ्रष्टाचार हो रहा

दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन रविवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर आए हैं। वे आज सुबह प्रदेश के दुर्ग जिला पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग मैराथन बैठक ली। इसके बाद नितिन नबीन ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने धर्मांतरण और भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश सह प्रभारी ने कहा कि, कांग्रेस सरकार के राज में सबसे अधिक धर्मांतरण और भ्रष्टाचार हो रहा है। राज्य की हालत ऐसी है कि उनके अधिकारी उन्हें पत्र लिखकर जानकारी दे रहे हैं कि उनके यहां धर्मांतरण बढ़ रहा है।
कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की ली बैठक
उल्लेखनीय है कि बिहार के पूर्व मंत्री नितिन नबीन ने भाजपा कार्यालय में दुर्ग जिले के सभी भाजपाई कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा की। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा भी की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि वो कांग्रेस सरकार की तमाम नाकामियों को आम जनता तक पहुंचाए और उन्हें बताएं कि किस तरह से राज्य सरकार केंद्र सरकार की तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं को अपना बताकर काम कर रही है। इसके बाद उन्होंने बंद कमरे में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को अलर्ट किया। बैठक के दौरान उनके साथ संभाग प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, राज्य सभा सांसद सरोज पाण्डेय, वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
अधिकारी पत्र लिखकर दे रहे धर्मांतरण की जानकारी
मीडिया से चर्चा करते हुए नितिन नबीन ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर हल्ला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई है, तब से धर्मांतरण और भ्रष्टाचार दोनों ही बढ़ गया है। राज्य में भ्रष्टाचार और अराजकता की स्थिति बनी हुई है। छत्तीसगढ़ के कलेक्टर स्तर के अधिकारी पत्र लिख रहे हैं, कि उनके यहां धर्मांतरण हो रहा है उन्हें रोका जाए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS