बिलासपुर में 'कमल खिलाने' वाले मुल्लू भैया नहीं रहे : 84 साल की उम्र में निधन, पटवा सरकार में रहे खाद्य मंत्री

बिलासपुर। अस्सी और नब्बे के दशक में बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी का चेहरा रहे पूर्व मंत्री मूलचंद खंडेलवाल का शुक्रवार सुबह 84 साल की उम्र में निधन हो गया। वे मध्यप्रदेश काल में पटवा सरकार के खद्य मंत्री रहे। वे लंबे समय से अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। उनके पुत्र संजय खंडेलवाल के मुताबिक अंतिम संस्कार आज ही दोपहर बाद किया जाएगा। मूलचंद खंडेलवाल का जन्म 1937 में हुआ था। उनकी पहचान अविभाजित मध्यप्रदेश में 'मुल्लू भैया' के रूप में थी। भाजपा के कार्यकर्ताओं में जोश भर देना उसकी खासियत थी।
मूलचंद खंडेलवाल ने बिलासपुर में कांग्रेस के गढ़ को 1990 में पहली बार ध्वस्त किया था और विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस के दिग्गज नेता बीआर यादव को शिकस्त दी थी। इस जीत की एवज में उन्हें अविभाजित मध्यप्रदेश में मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई थी। वे सुन्दरलाल पटवा सरकार में खाद्य राज्य मंत्री बनाए गए थे। हालांकि, इसके बाद वे चुनाव नहीं जीत सके। साल 2008 के चुनाव में कोटा सीट से 18 उम्मीदवार खड़े हुए थे, लेकिन 16 की जमानत जब्त हो गई थी। 17वें उम्मीदवार भाजपा के मूलचंद खंडेलवाल 9811 वोटों से हार गए थे। खंडेलवाल जनसंघ के समय से सक्रिय थे और गोल बाजार वार्ड के पार्षद पद से राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।
मंत्री रहते जलेबी तलते हुए फोटो ने बटोरी थीं सुर्खियां
मूलचंद खंडेलवाल का नीलकमल नामक बड़ा ही प्रसिद्ध होटल था। नब्बे के दशक में वे अक्सर सुबह-सुबह अपने होटल में आकर बैठ जाते थे और खुद ही गरमागरम जलेबियां तला करते थे। एक बार जब वे मंत्री थे तब भी होटल में जलेबी तलने पहुंच गए थे। मंत्री रहते जलेबी तलने की उनकी तसवीरें अखबारों में प्रकाशित भी हुई और खूब चर्चा में रही
5 साल पहले परिवार में हुआ था बड़ा हादसा
करीब 5 साल पहले मध्यप्रदेश के सीहोर के पास सड़क हादसे में भाजपा नेता मूलचंद खंडेलवाल की बेटी, दामाद व नाती बहू की मौत हो गई थी। उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी। पूर्व मंत्री खंडेलवाल की बड़ी बेटी छाया कानूनगो (53), दामाद प्रकाश कानूनगो (60), नाती डॉ. अभिषेक कानूनगो और अभिषेक की पत्नी सुरभि भोपाल से कार में इंदौर के लिए रवाना हुए। इनके साथ प्रकाश का भतीजा अक्षत खंडेलवाल भी शामिल था।
भाजपा नेताओं ने जताया शोक
अपने प्यारे मुल्लू भैया यानी मूलचंद खंडेलवाल के निधन की खबर शुक्रवार सुबह 9 बजे मिलते ही भाजपाइयों में दशहरे का उत्साह खत्म हो गया। निधन की खबर मिलते ही भाजपा नेता व कार्यकर्ता अपोलो अस्पताल पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने बेटे संजय खंडेलवाल से भेंट कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS