सांसद इंदु बाला ने कहा- प्रदेश सरकार की विफलता को हर महिला तक पहुंचाएं

प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी और विफलता को प्रदेश की हर महिला तक पहुंचाने की रणनीति रविवार को भाजपा महिला मोर्चा की पहली कार्यसमिति में बनी। इसी के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं को भी घर-घर तक पहुंचाने के लिए सभी से कहा गया। राष्ट्रीय महिला मोर्चा की महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी ने कहा है कि जिस तरह से प्रदेश सरकार ने राज्य की महिलाओं को शराबबंदी के नाम पर छलने का काम किया है उसकी जानकारी सभी महिलाओं तक पहुंचाने का जिम्मा आप सबका है।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में महिला मोर्चा की पहली कार्यसमिति हुई, इसमें राष्ट्रीय महामंत्री इंदु बाला गोस्वामी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बन चुका है और पूरे विश्व में एक उम्मीद का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि प्रदेश में सरकार में आने से पहले कांग्रेस ने कई वादे किए थे लेकिन कांग्रेस अपने वादों को पूरा करने का काम नहीं किया है।
प्रदेश सरकार की असफलता को मोर्चा की सभी बहनों को गांव से लेकर शहरों तक हर घर तक ले जाना होगा। राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय ने कहा है कि यहां उपस्थित सभी बहनों को संकल्प लेकर जाना है कि आने वाले समय में हम कांग्रेस की सरकार को विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकेंगे। कांग्रेस सरकार में जिस तरह से महिलाओं पर अत्याचार और अनाचार हो रहे हैं जिस तरह से प्रदेश सरकार ने शराबबंदी के नाम पर महिलाओं के साथ छल किया है उसे सभी को बताना है।
मीनल ने रखा राजनीतिक प्रस्ताव
कार्यसमिति के दूसरे सत्र में रायपुर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मीनल चौबे ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा। इसका समर्थन ममता साहू ने किया। राजनीतिक प्रस्ताव में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए उसकी वादाखिलाफी के साथ प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों का उल्लेख किया गया है। इसी के साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धि को भी बताया गया है।
इस सत्र में अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डाॅ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विधायक पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी उपस्थित थे। इस सत्र में अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने आगामी महिला मोर्चा के कार्यक्रम के बारे में भी संपूर्ण जानकारी दी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS