राष्ट्रीय रामायण महोत्सव : देश-विदेश से आए कलाकार देंगे प्रस्तुति...आम जनता की होगी फ्री एंट्री, रामकथा से सजेगा भक्ति का रंग

अमित गुप्ता/रायगढ़- राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के शुभारंभ के लिए भव्य मंच तैयार किया जा रहा है। इस मंच पर कंबोडिया और इंडोनेशिया समेत 12 राज्यों की रामायण मंडलियां अपनी प्रस्तुति देने वाले हैं। इतना ही नहीं छत्तीसगढ़ से लेकर असम, केरल, कर्नाटक, मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, गोवा, झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, ओडिसा, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के कलाकार अपनी प्रस्तुति देने के लिए कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं देश-विदेश से कलाकर यहां आकर अपनी प्रस्तुति देंगे।
कला और संस्कृति की परंपरा का दिखेगा संगम...
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में आपको तरह-तरह की कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा का संगम देखने को मिलेगा। इस दौरान इंडियन आइडल फेम शनमुख प्रिया और सारेगम फेम शरद शर्मा की भजनसंध्या से राममय होगा यह महोत्सव, वहीं 2 जून को मशहूर गायक बाबा हंसराज रघुवंशी और लखबीर सिंह लक्खा भी कार्यक्रम में रंग जमाने आ रहे हैं। वहीं 3 जून को लोकप्रिय भजन गायिका मैथिली ठाकुर और देश के मशहूर कवि कुमार विश्वास की प्रस्तुति से छत्तीसगढ़ में रामभक्ति देखने को मिलेगी। इस महोत्सव में रामायण के अरण्य कांड पर नृत्य नाटिका की विशेष प्रस्तुति होगी। इसके अलावा प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ होगा।
आम जनता के लिए निःशुल्क प्रवेश...
इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि, आम जनता के लिए एंट्री टिकट नहीं लगेगा, यानी आप महोत्सव में निःशुल्क प्रवेश कर सकते है। वहीं आम लोगों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यहां आपको कला-संस्कृति और समृद्ध आतिथ्य का संगम दिखेगा और मशहूर गायक और कवि की प्रस्तुति देखने का अवसर प्राप्त होगा। बता दें, रायगढ़ कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा कर रहे है और आयोजन से जुड़े अधिकारियों को अपडेट रहने के निर्देश दे रहे हैं।
तमाम कलाकार कार्यक्रम में करेंगे शिरकत...
महोत्सव के पहला दिन दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। यहां से ही रामायण मंडलियों की प्रस्तुति शुरू होगी। शाम में इंडियन आइडल फेम प्रसिद्ध सिंगर शनमुख प्रिया और शरद शर्मा की लाइव परफॉर्मेंस देखने को मिलेगी। दूसरे दिन 02 जून को दोपहर तीन बजे से रामायण मंडलियां प्रस्तुति देंगी। शाम को प्रसिद्ध गायक बाबा रघुवंशी और भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का समापन 03 जून को दोपहर 03 बजे मंडलियों की अंतिम प्रस्तुतियां के साथ खत्म किया जाएगा। शाम 6 बजे केलो महाआरती और दीपदान का कार्यक्रम होगा। जिसमें मशहूर कवि कुमार विश्वास की रामकथा का आंनद उठाया जा सकता है। साथ ही प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर के भजन भी सुनने को मिलेंगे।
सीएम देंगे 354 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात...
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के शुभारंभ में सीएम भूपेश बघेल 1 जून को रायगढ़ पहुंचेंगे। यहां आकर सीएम महतारी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और 354 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर राज्य शासन द्वारा राम-वन-गमन पर्यटन परिपथ परियोजना के तहत भगवान श्री राम के वनवास काल के दौरान यात्रा से जुड़े प्रदेश की ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन के रुप में विकसित किया जा रहा है। अहम बात यह है कि, सरगुजा से लेकर बस्तर तक जहां-जहां श्री राम जी की छाप है, उस जगह को पर्यटन के रुप में विकसित किया जा रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS