सरेंडर करने वाले नक्सली दंपति कोरोना पॉजिटिव, लीडरों में भी संक्रमण की आशंका

कांकेर। नक्सल संगठन में कोरोना के कहर फैलने की खबर पिछले तीन दिनों से सामने आ रही थी, अब इसकी पुष्टि हो चुकी है। कांकेर के कामतेड़ा कैम्प में बुधवार को बीएसएफ के सामने हथियार डालने वाले नक्सल दम्पत्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों को कांकेर के कोविड अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने इसकी पुष्टि कर दी है।
उत्तर बस्तर के जंगलों तक कोरोना का कहर पहुंचने की खबर दो दिनों से सामने आ रही थी। इस बीच बुधवार को दो नक्सलियों के कामतेड़ा कैम्प में समर्पण करने की खबर सामने आई थी, इसमें से एक नक्सली अर्जुन ताती की तबियत खराब थी। दोनों नक्सलियों को तत्काल कांकेर लाया गया, जहां दोनों की कोरोना जांच करवाई गई। जिसमें दोनों नक्सली अर्जुन ताती और उसकी पत्नी लक्ष्मी पड्डा की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कलेक्टर चंदन कुमार ने दोनों के सम्पूर्ण इलाज की व्यवस्था के निर्देश स्वास्थ्य विभाग को दिए हैं। बता दें दोनों ही नक्सली परतापुर एरिया कमेटी मद सक्रिय थे, जहां कई बड़े नक्सली लीडर भी सक्रिय है। ऐसे में उत्तर बस्तर के कई बड़े नक्सली लीडरो के भी कोरोना से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS