लापरवाह बिजली विभाग : झूलते तार ले रहे लोगों की जान, शिकायत के बावजूद नहीं दे रहे ध्यान, किसानों पर 11केवी का तार गिरने से झुलसे

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में खेत में काम करने के लिए जा रहे दो किसानों पर 11 केवी का तार गिर गया। इससे दोनों झुलस गए। दोनों किसानों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हादसे में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आई है। मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के रोहदा ग्राम का है।
कई दिनों से झूल रहा था तार
मिली जानकारी के अनुसार रोहदा ग्राम में सड़क पर पिछले कई दिनों से 11 केवी का तार झूल रहा था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग में इसकी शिकायत कई बार की थी, लेकिन इस पर विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। रविवार सुबह जब किसान 30 वर्षीय अश्विनी भारद्वाज और 26 वर्षीय राकेश जांगड़े वहां से गुजर रहे थे उस समय उन पर तार गिर गया। इससे वे करंट की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस ने अस्पताल में आकर दोनों किसानों का बयान ले लिया है और जांच जारी है।
अन्य जिलों में भी घट चुकी ये घटनाएं
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी है। बलौदाबाजार जिले के सिमगा थाना क्षेत्र के दामाखेड़ा गांव में 13 अगस्त को करंट की चपेट में आकर मां और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। घटना के वक्त महिला कपड़े सुखा रही थी। उसी दौरान वह झुलस गई। उसे देखकर उसके बेटा-बेटी बचाने गए थे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। इसमें कमलेश्वरी देवांगन, उसके बेटे 14 वर्षीय शेष कुमार और बेटी 12 वर्षीय जया देवांगन की मौत हो गई।
खेत गए किसान की करंट से मौत
वहीं 11 अगस्त को महासमुंद के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम रामखेहड़ा में 40 वर्षीय लखन लाल पटेल खेत में लगी फसल को देखने गया था। इसी दौरान वो खेत की फेंसिंग में लगी तार की चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कोरबा में भी करंट से दो घायल
11 अगस्त को ही कोरबा जिले के पत्थरीपारा बस्ती में राखी बंधवाने जा रहे दो भाईयों पर एक विशाल पेड़ का हिस्सा गिर गया था। इससे वे घायल हो गए। पेड़ की जो डाल दोनों पर गिरी, वो बिजली के पोल पर पिछले कई दिनों से अटकी हुई थी। विद्युत विभाग को इसकी सूचना दे दी गई थी, बावजूद इसके कर्मचारियों ने उसे हटाने की जहमत नहीं उठाई। राखी के दिन जब दो भाई किरण और राज अपनी बाइक से वहां से गुजरे, तो वो बड़ी डाल बिजली के तार समेत उन पर गिर गई। दोनों को चोट लगने से घायल हो गए और इनमें से एक भाई बिजली की तार की चपेट में आ गया। इसके अलावा एक और युवक रज्जाक को जो अपने घर के बाहर खड़ा था, उसे भी करंट लग गई। हालांकि गनीमत ये रही कि इन सबकी जान बच गई। दोनों भाईयों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS