साय के कांग्रेस में जाने पर बोले नेताम : उनका कांग्रेस में जाना औचित्यहीन, जीवन भर जिनसे लड़े अब उनके साथ जाने से कैसे सधेंगे आदिवासी हित

रायपुर। वरिष्ठ भाजपा नेता नंदकुमार साय के कांग्रेस प्रवेश पर अब राज्यसभा सांसद व छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम ने प्रतिक्रिया दी है। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ आदिवासी नेता रामविचार नेताम ने कहा कि नंदकुमार साय के कांग्रेस प्रवेश से मैं व्यक्तिगत रूप से आहत हूं। वे हमारे कुशल मार्गदर्शक और मेरे शुभचिंतक हैं। मगर आज की परिस्थिति में उनका कांग्रेस में प्रवेश होना और उनका वक्तव्य कि उनका यह निर्णय आदिवासी हितों की रक्षा से जुड़ा हुआ है। यह अपने आप में एक बड़ा प्रश्न चिन्ह है। उन्होंने कहा कि, जिन आदिवासी हितों के लिए वर्षों से नंदकुमार साय कांग्रेस की खिलाफत करते रहे, आज उसी कांग्रेस की गोद में बैठने से आदिवासी हितों का संरक्षण कहां से हो पाएगा। यह मेरे व किसी के लिए भी समझ से परे हैं। ऐसे व्यक्ति व समाज का प्रतिनिधित्व करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने जो कुछ भी किया है, इसके लिए प्रशंसा के शब्द भी कम पड़ जाते हैं।
कांग्रेस प्रवेश की अंदर की कहानी कुछ और होगी
श्री नेताम ने कहा कि, एक छोटे परिवार में भी अनबन की स्थिति बनी रहती है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि कोई अपने पड़ोस के परिवार में जा कर शामिल हो जाए। भाजपा संपूर्ण समाज का प्रतिनिधित्व करने वाली है। हम सभी की एक बड़ी पारिवारिक पार्टी है। ऐसे में आदिवासी समाज के इतने बड़े नेता का कांग्रेस में जाना औचित्यहीन है। निश्चित रूप से इनके कांग्रेस प्रवेश की अंदर की कहानी कुछ और होगी। इसकी पड़ताल की जाएगी और मेरे साथ पार्टी का यह प्रयास रहेगा कि नंदकुमार साय को वापस उनके वास्तविक कर्म क्षेत्र में ला सकें।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS