प्रशासन की नई पहल : पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए चलाया जाएगा सक्षम अभियान, समिति गठित कर दिए यह निर्देश...

बैकुंठपुर- छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के बैकुंठपुर में एक नई पहल शुरू की गई है। पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए एक नया अध्याय शुरू किया गया है। सक्षम अभियान के तहत ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत यानी कुल तीन स्तरों पर बेहतर आर्थिक स्वावलंबन करने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए प्रशासन ने एक समिति भी गठित की है। दरअसल, भारत में जितने भी गांव बसते है, उनका विकास तभी हो सकता है, जब गांव अपने आप में सक्षम और आर्थिक तौर पर पूरी तरह से स्वावलंबी हों। इसलिए सक्षम अभियान चलाकर जिले में आर्थिक स्थिति मजबूत करने का कार्य किया जाएगा।
विकास को दे सकें गति...
यह लंबे समय से अपेक्षित है कि, ग्राम पंचायत हों, जनपद पंचायत हों या फिर जिला पंचायतें हो उनके आर्थिक स्रोत इतने मजबूत हों कि, संस्थाएं स्वयं के विकास को गति दे सकें। इसके लिए जरूरी है कि पंचायती राज संस्थाओं के पास अच्छी आय के स्रोत हों और उनसे एक सुनिष्चित रकम पंचायत को प्राप्त होती रहे, ताकि उनके आर्थिक जरूरतों की पूर्ति समय पर हो। पंचायती राज अधिनियम में इस तरह के कई प्रावधान बनाए गए हैं। जिसके जरिए संस्थाएं अपने आय के स्रोत को मजबूत बना सकें और स्वयं विकास कर सकें। इस व्यवस्था को नई शुरुआत देकर जिला पंचायत कोरिया से एक नई पहल प्रारंभ की गई है।

त्रिस्तरीय पंचायतों को आर्थिक मजबूती देना मकसद...
इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि, हम सक्षम अभियान लागू करने जा रहे हैं। इसका मूल उद्देश्य ग्राम पंचायतों से लेकर जनपद और जिला पंचायत तक त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को आर्थिक तौर पर मजबूत करना होगा। इसके लिए जिला पंचायत स्तर पर एक समिति का गठन कर उप संचालक पंचायत को उसका अध्यक्ष बनाया गया है। इस समिति में जिला पंचायत में पदस्थ लेखाधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के अनुविभागीय अधिकारी, जिला अंकेक्षण अधिकारी और जिला पंचायत के अधीक्षक को बतौर सदस्य को शामिल किया गया है।
आय के स्रोतों की रिपोर्ट पेश करने के दिए निर्देश...
जिला पंचायत सीइओ डॉ. आषुतोष ने सक्षम अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि, कोरिया जिला पंचायत स्तर पर गठित समिति को आगामी त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के आय के स्रोतों और उनके आय की गणना पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिला स्तरीय समिति सभी आय के साधनों पर समीक्षा कर संस्थाओं का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। जिला स्तरीय समिति नवीन आय के साधन तैयार करने पर एक कार्ययोजना भी प्रस्तुत करेगी और समस्त पंचायतों के स्तर पर लंबित वसूली और उनके संबंधित प्रकरणों के निराकरण पर भी कार्ययोजना बनाकर कार्य करेगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS