Raipur: जल्द जारी किया जाएगा नया Master Plan, लोगों की आपत्तियों का होगा निराकरण

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) की राजधानी रायपुर (Raipur) का मास्टर प्लान अब जल्द ही जारी किया जाएगा। आवास एवं पर्यावरण विभाग ने रायपुर के मास्टर प्लान (Master Plan) में आई करीब 1450 दावा आपत्तियों के निराकरण के बाद मास्टर प्लान को स्वीकृत कर लिया है। बताया जा रहा है कि मास्टर प्लान पेश करने के लिए इसे शासकीय मुद्रणालय में भेजा गया है। छपाई का काम पूरा होने के बाद यह सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हो जाएगा।
आवास एवं पर्यावरण विभाग (Housing and Environment Department) के विशेष सचिव जेपी पाठक (JP Pathak) ने बताया कि मास्टर प्लान स्वीकृत हो गया है। अब इसका प्रकाशन किया जाना है। प्रकाशन के लिए मास्टर प्लान का प्रारूप शासकीय मुद्रणालय को भेजा गया है। छपाई पूरी होने के बाद मास्टर प्लान आम लोगों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। ग्राम एवं नगर निवेश विभाग द्वारा लंबी मशक्कत के बाद रायपुर का मास्टर प्लान तैयार किया गया था। इसके बाद इसे आवास एवं पर्यावरण विभाग को भेजा गया था। बताया जा रहा है कि मास्टर प्लान के प्रारूप के संबंध में ग्राम एवं नगर निवेश विभाग द्वारा आवास एवं पर्यावरण विभाग के समक्ष प्रेजेंटेशन दिया गया था।
साढ़े 14 सौ आपत्तियों का निराकरण
ग्राम एवं नगर निवेश विभाग के संयुक्त संचालक संदीप बागड़े ने कहा है कि प्रस्तावित मास्टर प्लान को लेकर करीब साढ़े 14 सौ दावे और आपत्तियां आई थी। इनमें कुछ को मान्य किया गया तो कुछ को अमान्य किया गया था। इसके बाद सभी दावे और आपत्तियों का निराकरण कर लिया गया है। उल्लेखनीय है कि मास्टर प्लान का प्रारूप तैयार होने के बाद ग्राम एवं नगर निवेश विभाग द्वारा रायपुर के जनसामान्य और संबंधित लोगों से दावे और आपत्ति की मांग की गई थी। कई लोगों ने मास्टर प्लान (Master Plan) में गड़बड़ी की बातें भी उठाई थी।
खारुन नदी के किनारे ग्रीन जोन
रायपुर के खारुन नदी (Kharun River) के किनारे और उसके आसपास के क्षेत्र को इंटरटेनमेंट लैंड (Entertainment Land) यूज में रखा गया है। इसके बावजूद यह क्षेत्र तेजी के साथ आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में डेवलप होता जा रहा है। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग रायपुर के अधिकारियों के अनुसार, नया मास्टर प्लान लागू होने के बाद इस क्षेत्र को हरित और मनोरंजन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दौरान जो भी बाधा आएगी, उसे दूर किया जाएगा। इसके लिए कार्रवाई करने की जरूरत पड़ी तो वह भी की जाएगी।
Also Read: वजन त्यौहार : 1 से 13 अगस्त तक बच्चों का वजन कर पोषण स्तर की होगी जांच
2031 की जनसंख्या के अनुमान पर है बना
राजधानी रायपुर (Raipur) में दिनों-दिन बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए वर्ष 2031 में जनसंख्या का अनुमान लगाते हुए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग ने नया मास्टर प्लान तैयार किया है। इससे पहले 2021 के लिए मास्टर प्लान बनाया गया था। नए मास्टर प्लान में छूटे हुए कामों को भी शामिल किया गया। वर्ष 2031 के लिए बनाया गया मास्टर प्लान भी डेवलपमेंट पर आधारित है। इसमें शहर के कई इलाकों के भूखंडों को मानचित्र में इंटरटेनमेंट लैंड (entertainment land) यूज में दर्शाया गया है। इसमें खारुन नदी के किनारे से एक किमी तक लगे कई इलाके भी शामिल हैं। इन इलाकों के भूखंडों की जमकर खरीदी-बिक्री हो रही है, जिसमें कहीं आवासीय कॉलोनियां तो कहीं स्वतंत्र मकान और दुकान का निर्माण किया जा रहा है, जबकि नदी के किनारे हरित जोन क्षेत्र और आसपास के इलाके में हैं। खारुन नदी के आसपास इलाके के अलावा ग्राम तुलसी, कचना, लाभांडी, सेजबहार आदि क्षेत्रों को भी मनोरंजन लैंड यूज में लिया गया है। ये इलाके भी तेजी से आवासीय कॉलोनियों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में डेवलप हो रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS