छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का बना नया रिकॉर्ड, 9 दिन में और होगी खरीदी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का रिकॉर्ड साल दर साल टूटता जा रहा है। राज्य में अभी धान खरीदी के 9 दिन शेष हैं और खरीदी का आंकड़ा 100 लाख मीट्रिक टन पार हो गया है। राज्य में 17 जनवरी तक 100 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा धान की खरीदी हो चुकी है। धान खरीदी 31 जनवरी तक चलेगी, इससे धान खरीदी का आंकड़ा और बढ़ेगा। राज्य में धान का रिकॉर्ड उत्पादन इस बात का प्रमाण है कि कर्जमाफी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना से खेती की ओर किसान लौटे हैं।
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत का कहना है, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की ऋण माफी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के लागू होने से किसान खेती की ओर वापस लौटने लगे हैं। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत चार किस्तों में मिलने वाली इनपुट सब्सिडी की राशि खेती के लिए मददगार साबित हुई है। राज्य में चालू खरीफ सीजन में 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। धान खरीदी केंद्रों में दिख रही किसानों की चहल-पहल और धान की आवक को देखते हुए धान खरीदी का आंकड़ा 110 लाख मीट्रिक टन के पार हो जाएगा। इस साल धान बेचने के लिए 24.96 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है, इनमें से अब तक 22.48 लाख किसानों ने धान विक्रय किया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मिलिंग के लिए धान का उठाव निरंतर जारी है।
हर साल बढ़ा खरीदी का आंकड़ा
प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष में 2017-2018 में लगभग 56 लाख 88 हजार टन धान खरीदी हुई। इस वर्ष किसानों को 10596.49 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। वर्ष 2018-2019 में लगभग 80 लाख 37 हजार टन धान खरीदी हुई। किसानों को समर्थन मूल्य के रूप में 14015 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। छत्तीसगढ़ सरकार ने 2500 रुपए क्विंटल की दर से किसानों से किए गए धान खरीदी के वादे को पूरा करते हुए प्रति क्विंटल धान के मान से 750 रुपए बोनस देते हुए 20092.32 करोड़ रुपए का भुगतान किया।
अपने बलबूते पर किया पूरा
मंत्री श्री भगत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू से ही एक चुनौती रही है। बीते चार सालों में छत्तीसगढ़ सरकार ने इस चुनौती को तमाम तरह की परेशानियों, केंद्र के अड़ियल रवैये, बारदाने की आपूर्ति में व्यवधान के बावजूद भी अपने बलबूते पूरा किया है। राज्य में 100 लाख मीट्रिक टन धान की बिना किसी व्यवधान के खरीदी अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS