नितिन नबीन ने कांग्रेस पर कसा तंज- आदिवासी महिला राष्ट्रपति के खिलाफ वोटिंग प्रदेश की जनता का अपमान

नितिन नबीन ने कांग्रेस पर कसा तंज- आदिवासी महिला राष्ट्रपति के खिलाफ वोटिंग प्रदेश की जनता का अपमान
X
भाजपा नेता नितिन नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधा और राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को सपोर्ट करने को कहा। प्रदेश प्रभारी नबीन ने कहा कि यदि मुर्मू के खिलाफ कांग्रेसी विधायक वोट करेंगे तो ये प्रदेश की जनता का अपमान होगा।

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन इन दिनों छत्तीसगढ़ प्रवास पर है। इस दौरान नबीन ने कांग्रेस पर निशाना साधा और राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को सपोर्ट करने को कहा। प्रदेश प्रभारी नबीन ने कहा कि यदि मुर्मू के खिलाफ कांग्रेसी विधायक वोट करेंगे तो ये प्रदेश की जनता का अपमान होगा। उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ आदिवासी बाहुल्य प्रदेश है। इसी वजह से इसे अलग स्टेट का दर्जा अटल बिहारी वाजपेयी ने दिया। अब ये सौभाग्य की बात है कि देश में पहली बार कोई आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने जा रही है। उनके समर्थन में छत्तीसगढ़ पीछे क्यों है ये कांग्रेस को सोचना चाहिए।

श्री नबीन ने कहा कि द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेसी विधायक वोट करेंगे तो ये प्रदेश की जनता का अपमान होगा। यहां के सभी विधायकों को द्रौपदी मुर्मू का सपोर्ट करना चाहिए। ये आदिवासियों के प्रति सम्मान का प्रतीक होगा। नितिन नबीन ने युवा मोर्चा, रायपुर ग्रामीण और भाजपा के प्रवक्ताओं, मीडिया पैनलिस्टों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि जनता के बीच कांग्रेस के विधायक नहीं जाते, क्योंकि उन्होंने कोई काम किया ही नहीं है। ऐसे गुमशुदा विधायकों को खोजने का काम भाजपा नेता करेंगे। हर विधानसभा क्षेत्रों में विधायकों के खिलाफ इसी तर्ज पर माहौल बनाने का काम होगा। इसके अलावा इन बैठकों में ये भी तय किया गया है कि भाजपा के नेता आदिवासी इलाकों में जाकर ये प्रचारित करेंगे कि एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू हैं। कांग्रेस के नेताओं से भी मुर्मू को सपोर्ट करने की अपील की जाएगी। भाजपा इस मूड में भी है कि समर्थन न मिलने पर इसे गांव-गांव जाकर जनता को बताया जाएगा। यहां के आदिवासी जनता के प्रतिनिधियों ने एक आदिवासी महिला का साथ नहीं दिया।

Tags

Next Story