मंत्रिमंडलीय समिति ने तय की धान की रेट, 1400 रूपए से अधिक की बोली पर बिकेगा पतला धान

मंत्रिमंडल उपसमिति की बैठक में अतिशेष मोटा और पतला धान की नीलामी का रेट तय किया गया है। मोटा धान 1350 रुपए से अधिक और पतला धान 1400 रुपए से अधिक दर पर नीलाम किया जाएगा। वहीं धान की लाट का साइज भी कम करने का फैसला किया गया है। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रिमंडलीय उपसमिति की बैठक हुई। बैठक में अतिशेष धान के लॉट की नीलामी में प्राप्त अधिकतम दर का अनुमोदन किया जाना था। धान खरीदी व कस्टम मिलिंग की नीति की समीक्षा के लिए मंत्रिमंडलीय उपसमिति का गठन किया गया था।
बैठक में 74 हजार 85 क्विंटल मोटे धान और 12 हजार 989 क्विंटल पतले धान के लिए नीलामी में प्राप्त दरों पर चर्चा कर अनुमोदन किया गया। जिसमें 47,994 टन मोटे धान के लिये 1350 या उससे अधिक व पतले धान के 9445 क्विंटल के लिए 1400 या उससे अधिक की दरों का अनुमोदन किया गया।
साथ ही 11789 क्विंटल पतले धान के लिए 1350 व उससे अधिक की दर का अनुमोदन उपसमिति द्वारा किया गया। यह दरें 30 जून, 1 से 6 जुलाई को संग्रहण केन्द्रों से नीलामी में प्राप्त हुई थी। राज्य में करीब 1 लाख टन धान अतिशेष है। इसे संग्रहण केंद्रों से ही नीलामी करने का निर्णय सरकार ने लिया है। संग्रहण केंद्रों से नीलामी को लेकर दरें तय होने के बाद विभाग द्वारा नीलामी की सूचना अलग से जारी की जाएगी।
ये हुए शामिल
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम और उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल बैठक में शामिल थे। समिति को नीलामी में प्राप्त अधिकतम दर के अनुमोदन हेतु अधिकृत किया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS