CG Politics : कांकेर में बोले पीएम मोदी- यह छत्तीसगढ़ वासियों के भविष्य बनाने का चुनाव, मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में कराने का ऐलान

कांकेर। छत्तीसगढ़ में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के लिए कांकेर पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। भारत माता की जय और मां दंतेश्वरी के जयकारे के बाद बड़ा देव और बूढ़ा देव के जयकारे भी लगवाए। भाषण की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, भाजपा का संकल्प छत्तीसगढ़िया पहचान को सशक्त करना है, हर गरीब, आदिवासी के हितों की रक्षा करना है।
यह भविष्य बनाने का चुनाव है
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कांग्रेस और विकास में 36 का आकड़ा है। जहां कांग्रेस रहेगी वहां विकास हो ही नहीं सकता है। कल ही छत्तीसगढ़ ने अपना स्थापना दिवस मनाया है, भाजपा और यहां के लोगों ने और भाजपा ने मिलकर छत्तीसगढ़ को राज्य बनाया है। 15 साल रही भाजपा सरकार का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, कितनी ही चुनौतियों से लड़कर हमने छत्तीसगढ़ में नई व्यवस्थाएं बनाईं, लेकिन जब तक दिल्ली में कांग्रेस सरकार रही तो यहां की भाजपा सरकार से दुश्मनी निभाती रही। फिर हम छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर ले गए। छत्तीसगढ़ अब 25 साल का हो गया है, परिवार में भी 25 साल का बड़ा महत्त्व होता है। ये चुनाव विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने का नहीं है बल्कि आपके और आपके बच्चों के भविष्य का फैसला करने का चुनाव है।
छत्तीसगढ़ ने 5 सालों में कांग्रेस की नाकामी देखी है
सीएम भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, आप सभी ने बीते 5 सालों में कांग्रेस की नाकामयाबी देखी है। इन 5 सालों में कांग्रेस नेताओं की कोठियां, उनके बंगले और उनकी कारें सिर्फ इन्हीं का विकास हुआ है। इन पांच वर्षों में सिर्फ कांग्रेस के नेताओं, उनके बच्चों और उनके रिश्तेदारों का फायदा हुआ है। कांकेर के बस्तर के गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी लोगों को क्या मिला है। छत्तीसगढ़ को कांग्रेस ने सिर्फ टूटी-फूटी सड़कें दी हैं। इन 5 सालों में कांग्रेस ने आपको बीमार-बदहाल स्कूल और अस्पताल दिया है। कांग्रेस ने सरकारी दफ्तरों में घूसखोरी का नया रिकॉर्ड बनाया है। कांग्रेस शासन में नौकरियों की बंदरबाट, हत्या, अपराध और हिंसा यही सब आपको मिला है। साथ ही पीएम मोदी ने मंच से अउ नहीं सहिबो बदल के रहिबो का नारा जनता से लगवाया और कहा कि, भाजपा जनता के भविष्य और वर्तमान दोनों की चिंता करती है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने पीएम आवास में लगाया रोड़ा
केंद्र की भाजपा सरकार के कामों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, बीते 9 वर्षों में हमने जो योजनाएं बनाई हैं उसका एक ही लक्ष्य रहा है गरीब का कल्याण और आदिवासी का कल्याण। झुग्गी-झोपड़ी का जीवन कितना कठिन होता है यह मैं अच्छी तरह से जनता हूं इसलिए मैंने गरीबों को पक्के घरों को देने की योजना बनायी है। अब तक देश भर में 4 करोड़ पक्के मकान दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ के गरीब परिवारों को भी लाखों पक्के मकान देने का वादा किया है।देश भर में मैं काम कर पाता हूं लेकिन यहां कि कांग्रेस सरकार गरीब का घर बनने देने में रोड़े अटकाती है, कांग्रेस को गरीब की कोई चिंता नहीं हैं। साथ ही पीएम मोदी ने जनता को सरकार आते ही पक्के मकान देने की गारंटी दी।
हिंदी में होगी मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई
पीएम मोदी ने आगे कहा कि, छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद मातृभाषा हिंदी में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना का काम तेज किया जाएगा। हर गरीब परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस कभी नेक नीयत से काम नहीं कर सकती। 10 साल पहले केंद्र सरकार में लाखों-करोड़ों के घोटाले करके कांग्रेस ने अपनी तिजोरी भर ली थी, लेकिन 10 साल में कांग्रेस की तिजोरी खाली हो गई इसलिए कांग्रेस शासित राज्य में वहां के लोगों को कांग्रेस लूट रही है। यहां पिछले पांच साल यही किया है। इस सरकार को अब बाहर का रास्ता दिखाना है।
कांग्रेस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अपमान किया, दुष्प्रचार किया
पीडीस घोटाले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, मैंने कोरोना काल में गरीबों को मुफ्त में राशन देने की योजना बनायी थी, लेकिन यहां की कांग्रेस सरकार ने उसमे भी घोटाला कर दिया। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा करने की गारंटी है। गंगा जी झूठी कसम खाने का काम कांग्रेस के नेता करते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, भाजपा ने एक आदिवासी बेटी को देश का राष्ट्रपति बनाया लेकिन कांग्रेस ने उनका भी विरोध किया और उनके खिलाफ दुष्प्रचार किया। कांग्रेस ने राष्ट्रपति का नहीं देश के आदिवासी का अपमान किया है आपको इसका बदला लेना है।
हमने 12 समुदायों को ST का दर्जा दिया
भाजपा ने 12 समुदायों को ST का दर्जा दिया। कांग्रेस ने 2014 के चुनाव में मुझे ही नहीं बल्कि OBC समुदाय को भी गाली दी थी। कांग्रेस ने कभी नेक दिल से काम नहीं किया है, 10 साल पहले कांग्रेस ने घोटाले करके अपनी तिजोरी भरी थी लेकिन 10 सालों से सरकार ना होने की वजह से कांग्रेस की तिजोरी खाली हो रही है।जिस राज्य में कांग्रेस की सरकार है वो उसे लूट रही है। छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस जनता को लूट रही है और पिछले 5 सालों में यही किया है।
यहां की सरकार 30 टके की सरकार
सीएम भूपेश बघेल पर निशाना हुए पीएम मोदी ने कहा कि, आज देश भर में यहां के मुख्यमंत्री के बारे में कहा जाता है... 30 टक्का आपका काम पक्का। 30 टके वाली इस कांग्रेस सरकार को अब आपको बाहर का रास्ता दिखाना है। कांग्रेस के भ्रष्टाचार में राज्य का नुकसान नहीं आपका नुकसान होता है। गोठान योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने गौ माता के नाम पर पशु पालकों को धोखा दिया। गोवर्धन प्लांट के नाम पर घोटाला किया और शराब बंदी का वादा पूरा करने की बजाय शराब घोटाला कर दिया। भर्तियों से करोड़ो कमाए और पीएससी दफ्तर को कांग्रेस का दफ्तर बना दिया, परिवार और भ्रष्टाचार कांग्रेस की नीति है।
बताओ कक्का.. कहां गया हमारा मक्का
धान खरीदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि, पिछले 9 सालों में केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ से 1 लाख करोड़ रुपये का धान ख़रीदा है और यहां कांग्रेस सरकार कहती है कि, उन्होंने पैसे दिए हैं। कांग्रेस के वादे बस्तर के मक्का प्लांट की तरह हैं, जिनसे आज बस्तर के लोग पूछ रहे हैं कि, बताओ कक्का कहां गया हमारा मक्का। साथ ही साथ ही पीएम मोदी ने बीजेपी उमीदवारों को वोट देकर जिताने की अपील जनता से की।
तस्वीर लिए खड़ी बच्ची से किया सीधा संवाद, पत्र लिखने का वादा
पीएम मोदी कांकेर में जब जनसभा को संबोधित कर रहे थे तो इसी दौरान एक लड़की पीएम की हाथ से बनाई हुई तस्वीर को लेकर खड़ी थी। पीएम मोदी ने लड़की के हाथ में तस्वीर को देख कर कहा कि, बेटी मैंने तुम्हारी तस्वीर देख ली है... तुमने बहुत मेहनत से अच्छा काम किया है। लेकिन तुम खड़ी-खड़ी थक जाओगी। तुम इस तस्वीर के पीछे अपना नाम, नंबर और पता लिखकर इन पुलिस वाले भैया को दे दो। मैं दिल्ली से पत्र लिखकर तुम्हें इसका जवाब दूंगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS