सटोरियों तक हाईटेक तरीके से पहुंची पुलिस : भारत-पाक मैच पर जमकर लगा सट्टा, बिलासपुर में पांच सटोरिए धरे गए

बिलासपुर। टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान सटोरियों का खेल भी जोरों पर है। रविवार को खेले गए भारत-पाकिस्तान के मुकाबले में भी जमकर सट्टेबाजी हुई। बिलासपुर में तो एक खाईवाल अपनी ससुराल में सट्टा खिला रहा था। सरकंडा पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। रविवार की रात बिलासपुर में ही पांच खाईवाल व सटोरिए पकड़ाए। पुलिस ने उनके पास से 25 हजार रुपये, मोबाइल, एलईडी टीवी और सट्टा-पट्टी की जब्ती दिखाई है।
पुलिस को पहले से ही अंदेशा था कि रविवार के मैच के दौरान सटोरिये बड़ी रकम लगाएंगे। उनपर नजर रखने के लिए पुलिस ने अफसरों व साइबर सेल की टीम को निर्देश दिया था। लिहाजा, साइबर सेल की टीम ने खाईवाल व सटोरियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। फिर मैच खत्म होने से पहले ही शहर के कई जगहों पर छापेमारी कर पांच खाईवाल व सटोरियों को पकड़ लिया। सभी सटोरियों को कार्रवाई के लिए संबंधित थानों को सौंप दिए गए।
सुसुराल में सट्टा खिला रहा था चर्चित खाईवाल
पुलिस की साइबर सेल की टीम शहर के चर्चित खाईवाल व सटोरियों के नंबर हासिल कर उनका लोकेशन खंगाल रही थी। इस दौरान पता चला कि सिंधी कालोनी निवासी रवि रमानी सरकंडा के साइंस कालेज रोड में है। जैसे ही पुलिस की टीम वहां पहुंची, रवि को इसकी भनक लग गई। वह ससुराल से भाग रहा था। तभी पुलिस ने उसका पीछा करते हुए उसे पुराना बस स्टैंड के पास पकड़ लिया। पुलिस ने जानकारी जुटाई तब पता चला कि खाईवाल अलग-अलग थाना क्षेत्र में सक्रिय थे। दो खाईवाल तोरवा क्षेत्र के आउटर में स्थित देवरीखुर्द के सूने मकान व बुधवारी बाजार के सूने मकान को ठिकाना बनाया था। इसी तरह दूसरे सटोरिए भी तारबाहर क्षेत्र में सक्रिय थे।
ये खाईवाल और सटोरिए पकड़े गए
महेश कमलानी, 42 वर्ष, निवासी राजकिशोर नगर बिलासपुर थाना सरकंडा।
रवि कुमार रमानी उर्फ टीटी, 32 वर्ष निवासी सिंधी कॉलोनी बिलासपुर।
अजय रामचंदानी, 28 वर्ष निवासी संतोषी मंदिर, तोरवा बिलासपुर।
राजेश बजाज उर्फ राजा, 31 वर्ष निवासी मोपका राजकिशोर नगर बिलासपुर।
तेजेश्वर वर्मा उर्फ दादू, 39 वर्ष निवासी अशोक नगर, डीएलएस कॉलेज के पास, सरकंडा।
पाक जीता और सटोरियों की निकल पड़ी
मैच पाकिस्तान के जीतने पर सटोरियों की चांदी रही। मैच शुरू होने से पहले ही भारत का पलड़ा भारी बताया जा रहा था। पहली पारी के बाद भी लोगों को लग रहा था कि पाकिस्तान की हार तय है। यही वजह है कि सट्टाबाजार में पाकिस्तान पर दांव लगाने वाले कम थे। हालाकि पहली पारी के बाद पाकिस्तान के पक्ष में भी दांव लगने शुरू हो गए थे। लेकिन, यह भारत के मुकाबले कम था। मैच में भारत की हार के साथ ही सट्टेबाजों व खाईवालों की लॉटरी लग गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS