पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सियासत : जनता के साथ मजाक बता रही है भाजपा, तो कांग्रेस ने बांटी मिठाई

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर सियासत : जनता के साथ मजाक बता रही है भाजपा, तो कांग्रेस ने बांटी मिठाई
X
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष साय ने राहत को मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाकर प्रदेश की जनता के साथ गन्दा मजाक बताया। उन्होंने सीएम से कहा- पेट्रोल-डीजल में छूट देकर जो बड़ा एहसान किया है, उसका कर्ज जनता आपको 2023 में सूद समेत चुकायेगी। और किस-किस ने क्या-क्या कहा, पढ़िए...

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पेट्रोल पर 1 और डीजल पर 2 प्रतिशत वैट कम करने का फैसला लिया है। अब बाजार भाव के हिसाब से बात की जाए तो पेट्रोल के दाम पर 70 से 90 पैसे और डीजल के दाम में लगभग डेढ़ रुपए कम होंगे। इसे सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी बड़ी राहत बता रही है। वहीं विपक्षी दल BJP इसे जनता के साथ छलावा बता रहा है।

सोमवार को जब कैबिनेट बैठक में सरकार ने पेट्रोल और डीजल के रेट कम करने का एलान किया तो सड़कों पर कांग्रेसी खुशियां मनाने लगे। रायपुर के जीई रोड स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल करीब 90 पैसा और डीजल डेढ़ रुपए सस्ता किए जाने के प्रदेश सरकार के फैसले से विधायक विकास उपाध्याय बेहद खुश नजर आए। उन्होंने लोगों के बीच जाकर मिठाई बांटी। सभी को गुलाल का तिलक लगाकर बधाई दी। इस फैसले को महंगाई के बीच जनता को राहत देने वाला फैसला बताया। उधर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष साय ने इसे मुंगेरी लाल के हसीन सपने दिखाकर प्रदेश की जनता के साथ गन्दा मजाक बताया। उन्होंने सीएम से कहा- पेट्रोल-डीजल में छूट देकर जो बड़ा एहसान किया है उसका कर्ज जनता आपको 2023 में सूद समेत चुकायेगी। पेट्रोल और डीजल के दाम में की गई मामूली कमी को प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और भाजपा संगठन ने खोदा पहाड़ निकली चुहिया की तरह बताया। कौशिक ने कहा कि लोग बड़ी राहत की उम्मीद कर रहे थे।

भाजपाई केंद्र के खिलाफ आंदोलन करें: मरकाम

वहीं इस मसले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि राज्य सरकार ने पेट्रोल के दामों में कटौती कर राज्य की जनता को महंगाई से बड़ी राहत दी है। हम केंद्र से भी मांग करते हैं कि वह पेट्रोल-डीजल में बढ़ाये गये एक्साइज ड्यूटी को हटाये ताकि राज्य की जनता का पेट्रोल और डीजल के दाम में और राहत मिल सके। मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाये गये एक्साइज ड्यूटी को पुराने दर पर कर देगी तो देश की जनता को महंगाई से बड़ी राहत मिलेगी। वैट कम करने की मांग करने वाले भाजपाई अब एक्साइज ड्यूटी कम करने की मांग को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन करें।

Tags

Next Story