सड़कों की दुर्गति पर सियासत : मूणत बोले- मरम्मत के लिए सरकार के पास पैसा नहीं, सीएम ने कहा- ठीक से सड़क बनाए होते तो मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ती...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की ओर से राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जवाब दिया है। सीएम ने नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि BJP को 15 साल मौका मिला। डॉ. रमन सिंह चंदखुरी में झांके तक नहीं। बीजेपी ने भगवान राम के ननिहाल की कभी सुध नहीं ली, हमारी सरकार राम वन गमनपथ का निर्माण कर रही है। इसमें BJP को तकलीफ क्यों हो रही है? BJP नेता गाय के नाम पर वोट मांग सकते हैं, लेकिन कभी गौ माता की सेवा नहीं कर सकते।
छत्तीसगढ़ में सड़कों की स्थिति बेहद खराब : मूणत
वहीं प्रदेश में सड़कों की दुर्दशा और प्रदेश सरकार की लचर नीतियों को लेकर पूर्व मंत्री और भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने चिंता व्यक्त करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं। मूणत ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़कों को लेकर जरा भी गंभीर नहीं है। मरम्मत के अभाव में छत्तीसगढ़ में सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। राजेश मूणत ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चिंता का विषय है कि अभी तक राज्य सरकार ने प्रदेश में खराब सड़कों के संबंध में सर्वे के माध्यम से संभागवार जानकारी एकत्रित नहीं की है और न ही सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग से राशि का आवंटन किया गया है। अगर किसी डिवीजन में राशि का आवंटन किया गया है, तो उसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
राजेश मूणत ने किया ये बड़ा दावा
राजेश मूणत ने कहा कि राज्य सरकार सड़कों की मरम्मत के लिए अब छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम के जरिए ऋण लेने जा रही है। छत्तीसगढ़ शायद देश का ऐसा पहला राज्य होगा, जहां सड़कों की मरम्मत के लिए राज्य सरकार को लोन लेना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश की सड़कों के गड्ढों को भरने का टेंडर छत्तीसगढ़ सड़क विकास निगम करेगा, तो प्रदेश का लोक निर्माण विभाग क्या करेगा?
नड्डा कब दोबारा अध्यक्ष बने पता ही नहीं चला : सीएम
पूर्व PWD मंत्री राजेश मूणत के इन आरोपों पर सीएम बघेल ने जवाब दिया है। श्री बघेल ने कहा कि राजेश मूणत ठीक से सड़क बनाए होते तो मरम्मत की जरूरत नहीं पड़ती। वहीं सरोज पांडेय के बयान पर कहा कि वे पहले ये बताएं जेपी नड्डा जी कितने मजबूत है। खड़गे जी चुनाव लड़कर जीते हैं, नड्डा कब दोबारा अध्यक्ष बन गए पता ही नहीं चला। बता दें कि सीएम बघेल ने दिल्ली जाने से पहले यह बयान दिया है। भूपेश बघेल ने कहा कि शुक्रवार को दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस है। खड़गे जी से व्यक्तिगत रूप से मिलकर बधाई दूंगा। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से समय मांगा है, मिलकर दिवाली की बधाई दूंगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS