फिल्म 'आदिपुरुष' पर सियासत : सीएम बघेल बोले- भगवानों के चेहरे और हनुमान जी की छवि बिगाड़ने की कोशिश हो रही

गौरव शर्मा-रायपुर। फिल्म 'आदिपुरुष' को लेकर एक बार फिर से सियासत गरमाने लगी है। फिल्म के दर्शकों की प्रतिक्रिया भी इस पर बटी हुई है। कुछ लोगों को इस फिल्म का काम बहुत पसंद आ रहा है तो कुछ दर्शक इसके संवाद और स्पेशल इफेक्ट्स को लेकर शिकायत कर रहे हैं। इन सबके बीच अब देश में इस समय कांग्रेस पार्टी के बड़े चेहरों में शुमार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिल्म को लेकर कड़ा विरोध व्यक्त किया है।
CM श्री बघेल ने कहा है कि, भगवानों के चेहरे बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि, पहले राम की युद्धक छवि प्रस्तुत की गई, अब हनुमानजी की छवि बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। श्री बघेल ने कहा कि, आदिपुरुष फिल्म में संवाद और भाषा अमर्यादित है। उन्होंने कहा कि, रामायण में भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया है, फिल्म में संवाद के लिए जिन शब्दों का चयन किया गया है वे अमर्यादित हैं।

राजीव गांधी ने बनवाया रामायण सीरियल
श्री बघेल तो यहां तक कह गए कि, राजीव गांधी जी ने रामानंद सागर से दूरदर्शन के लिए धारावाहिक रामायण बनवाया था। वे बोले कि, जब रामायण सीरियल दूरदर्शन पर चलता था तब बाजार बंद हो जाते थे। रामायण बेहद पवित्र ग्रंथ है। रामायण को बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बजरंग बली से बजरंग दल जैसे संवाद बुलवाए गए
श्री बघेल बोले कि, बजरंगबली से वह बोलवाया जा रहा है जो बजरंग दल के लोग बोलते हैं। यह बहुत आपत्तिजनक है, मैं इसकी निंदा करता हूं। उन्होंने कहा कि, जो धर्म के ठेकेदार बनते हैं, वह इस मामले में मौन क्यों हैं। उन्होंने कहा कि, 10 ग्राम गांजा के बदले बॉलीवुड को दबाव में लाने की कोशिश की गई। ये सारी फिल्में उसी का परिणाम हैं। 'द केरल स्टोरी' और 'कश्मीर फाइल्स' लगा था तो बहुत से डायरेक्टर सामने आए थे। अब उन्हें सामने आकर 'आदिपुरुष' पर अपनी बात रखनी चाहिए। भाजपा के नेता कहां हैं जो तब बयान दे रहे थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS