गर्भवती महिला की मौत : गले पर लगी चोट से हत्या की है आशंका, एक साल पहले हुई थी लव मैरिज

गर्भवती महिला की मौत : गले पर लगी चोट से हत्या की है आशंका, एक साल पहले हुई थी लव मैरिज
X
गर्भवती महिला की घर में ही लाश मिली है। शव पर गले में निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौत के दौरान ससुराल वाले घर पर ही थे और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर ....

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पांच माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। उसके गले में चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामनेही राय अपनी पत्नी संध्या राय के साथ मल्हार चौकी के ग्राम भगवान पाली में रहता है। वह ड्राइवर है, उनकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों ठीक-ठाक रह रहे थे और संध्या पांच माह से गर्भवती थी। शुक्रवार की सुबह परिजनों ने महिला को बदहवाशी की हालत में देखा और उन्होंने संजीवनी 108 को कॉल किया। लेकिन, एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई।

पुलिस को है हत्या की आशंका

जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का परीक्षण किया। जांच के दौरान महिला के गले में चोट के निशान मिले, जिसे देखकर मामला संदिग्ध मालूम पड़ा। इसके बाद पुलिस ने संध्या के मायके वालों को सूचना दी। संध्या के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गले पर चोट के निशान देखकर हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि संध्या बिलकुल ठीक थी, उसे कोई बिमारी नहीं थी। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

इधर पुलिस की पूछताछ में ससुराल वालों ने बताया कि गर्भवती महिला की दही खाने से तबीयत बिगड़ गई, जिस पर उन्होंने अस्पताल ले जाने के लिए 108 को कॉल किया। लेकिन, एंबुलेंस जब तक घर पहुंची, इससे पहले ही महिला की मौत हो गई। वहीं, गले में चोंट के निशान को लेकर परिजन पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस दौरान महिला की मौत हुई, उस समय उसके ससुराल वाले घर पर ही मौजूद थे।

घर वालों की सहमति से हुई थी लव मैरिज

रामसनेही और संध्या ने लव मैरिज की थी। उन्होंने परिजनों की मर्जी से करीब साल भर पहले ही शादी की थी। इसके बाद से दोनों खुश थे लेकिन, अचानक उसकी मौत के बाद कई सवाल उठने लगे हैं।

Tags

Next Story