शिक्षकों का प्रदर्शन फेल करने की तैयारी : रायपुर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने किया गिरफ्तार, रेलवे स्टेशनों, हाइवे और बसों की छानबीन, अनिश्चिकालील हड़ताल की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को सहायक शिक्षकों का प्रदर्शन होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने प्रदेश की हर उस सड़क और रेल मार्ग पर पहरा बिठा दिया, जो राजधानी रायपुर की आती हैं। शिक्षक जहां से भी रायपुर आते मिले वहीं उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। वेतन विसंगति को दूर करने की मांग को लेकर आज प्रदेश भर के सहायक शिक्षक विधानसभा घेराव के लिए राजधानी रायपुर रवाना हुए थे, पर रास्ते से ही उन्हें पकड़ लिया गया है। इससे छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक फेडरेशन में भारी आक्रोश है। आक्रोशित शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी कर इसका विरोध किया।
रेलवे स्टेशन से ही शिक्षकों गिरफ्तार कर ले गई पुलिस
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में आज वेतन विसंगति को दूर करने के लिए वादा निभाओ रैली और विधानसभा का घेराव करने के लिए रायपुर जा रहे सहायक शिक्षक फेडरेशन के 50 से अधिक शिक्षकों को पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। दरअसल फेडरेशन के आव्हान पर जिला संयोजक पीयूष गुप्ता, जिला प्रवक्ता अजय चौधरी सहित अन्य महिला और पुरूष सहायक शिक्षक आज ट्रेन से रवाना होने के लिए जैसे ही पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पहुंचे, यहां जिला पुलिस बल ने गिरफ्तार कर लिया। फिर वाहनों से इन सहायक शिक्षकों को पांच किलोमीटर दूर गुरूकुल के जिमनास्टिक हाल में ले जाया गया। यहां इनको रखा गया और प्रदर्शन में शामिल होने से रोका गया, जिसका शिक्षकों ने जमकर विरोध करते हुए नारेबाजी की।
एनएच पर रोके गए शिक्षक, आक्रोशित शिक्षकों ने किया विरोध
वेतन विसंगति को दूर करने की मांग को लेकर आज प्रदेश भर के सहायक शिक्षक विधानसभा घेराव के लिए राजधानी रायपुर रवाना हुए थे। बस्तर संभाग के भी सभी जिले से सहायक शिक्षकों का दल रायपुर की ओर बढ़ रहा था, जिन्हें पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया है। शिक्षकों को कांकेर पुलिस ने एनएच 30 पर माकड़ी के पास रोक दिया है। इससे आक्रोशित शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी कर इसका विरोध किया। विधानसभा घेराव करने जा रहे शिक्षकों ने कहा कि सरकार ने 3 साल पहले वेतन विसंगति दूर करने का वादा किया था, जो कि अब तक पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में आज प्रदेश भर के सहायक शिक्षक सांकेतिक विधानसभा घेराव करने जा रहे थे, जिन्हें जबरन रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादे से भाग रही है। सरकार को सहायक शिक्षकों के जायज मांग को पूरा करना ही होगा।
दुर्ग-भिलाई में घरों से धरपकड़
दुर्ग जिले में भिलाई-3 पुलिस ने आज सुबह संघ के प्रदेश सचिव शुखनंदन यादव को चरोदा और जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा को भिलाई तीन स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया है। इसी तरह पाटन ब्लाक अध्यक्ष विनोद देवांगन, पाटन ब्लाक से मोहन यादव, दुर्ग ब्लॉक अध्यक्ष युवराज बेलचंदन और धमधा ब्लाक अध्यक्ष उत्तम ठाकुर को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद फेडरेशन के पदाधिकारी सिरसा गेट में पुलिस कार्रवाई का विरोध करेंगे। वहीं अपनी मांगों को लेकर विरोध करने रायपुर धरना स्थल जा रहे कर्मचारी फेडरेशन के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिले के कुम्हारी, भिलाई तीन और छावनी थाने में शिक्षकों की गिरफ्तारी शुरू हो गई है। अब तक लगभग 100 लोग गिरफ्तार हुए हैं।
अनिश्चिकालील हड़ताल पर जाने की चेतावनी
शुखनंदन यादव ने बताया कि आजसहायक शिक्षकों का प्रदर्शन होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने प्रदेश की हर उस सड़क और रेल मार्ग पर पहरा बिठा दिया, जो राजधानी रायपुर की आती हैं। शिक्षक जहां से भी रायपुर आते मिले वहीं उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।संघ के सभी पदाधिकारी और सदस्य लाखों की संख्या में रायपुर इकट्ठा होने वाले थे। इसके बाद वह लोग विधानसभा पहुंचकर उसका घेराव करते। इसके लिए उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों को आवेदन दिया था। इससे पहले टीचरों की गिरफ्तारी राज्य शासन के निर्देश पर की गई है। यादव का कहना है कि मांगें नहीं मानी गई तो सहायक शिक्षक अनिश्चिकालील हड़ताल पर चले जाएंगे।

© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS