बजरंग दल पर प्रतिबंध का वादा : कांग्रेस पर एग्रेसिव हुए अग्रवाल, सांसद सोनी भी भड़के... क्या कहा... पढ़िए

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता व विधायक बृजमोहन अग्रवाल और सांसद सुनील सोनी ने कांग्रेस की ओर से बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के किए गए वादे पर हमला बोला है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से जारी चुनावी घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने के वादे पर बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पीएफआई पर केंद्र सरकार टेरर फंडिंग उजागर होने पर प्रतिबंध लगा चुकी है। देश की कई आतंकी गतिविधियों में पीएफआई की संलिप्तता जग जाहिर है। बावजूद इसके कांग्रेस ने सिर्फ और सिर्फ सनातन धर्म को अपमानित करने के लिए इस आतंकी संगठन की तुलना धार्मिक संगठन बजरंग दल से करते हुए प्रतिबंध की बात कही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति में इतनी आगे बढ़ गई है कि वह सनातन हिंदू धर्म को दोयम दर्जे पर रखती है। देश की तरह कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ में भी तुष्टिकरण और धर्मांतरण के एजेंडे पर काम कर रही है। प्रदेश में हिन्दू संगठनों को प्रताड़ित कर तुष्टिकरण में व्यस्त कांग्रेस सरकार धर्मांतरण को संरक्षण दे रही है। भगवान राम के अस्तित्व को नकारने वाले उनके नाम पर दिखावा कर रहे हैं।
कोट के ऊपर जनेऊ पहनते हैं
श्री अग्रवाल ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी बजरंगबली के भक्तों का दमन कर ही रहे हैं और अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कर्नाटक में सरकार बनने पर बजरंग दल पर बैन लगाने का वादा कर दिया है। एक तरफ कांग्रेस हिंदू वोट पाने के लिए कोट के ऊपर जनेऊ पहनने से पीछे नहीं रहती। दूसरी तरफ कांग्रेस हिंदूवादी संगठनों पर प्रतिबंध लगाने का वादा करती है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस के दोहरे चरित्र का एक प्रमाण यह भी है कि उसने केरल में मुस्लिम लीग से गठबंधन किया। तब इन लोगों ने पीएफआई पर प्रतिबंध की बात क्यों नहीं की थी? कांग्रेस ने उनके नेताओं के मुकदमे वापस क्यों लिए थे? यह मल्लिकार्जुन खड़गे को बताना चाहिए। कांग्रेस बजरंग दल पर प्रतिबंध की बात कर रही है तो कांग्रेस का यह घोषणा पत्र धर्मनिरपेक्ष कैसे हो सकता है?
कांग्रेस की मानसिकता सनातन धर्म और हिंदू विरोधी
बृजमोहन ने कहा, कांग्रेस हमेशा से ही हिंदू और हिंदुत्व का अपमान करती रही है। भारतीय सनातन संस्कृति का अनादर इनके डीएनए में है। कुछ समय पहले कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सतीश जारकिहोली ने हिंदू शब्द को बहुत गंदा बताते हुए हिंदुत्व का अपमान किया था। मगर कांग्रेस ने इस कृत्य के ऊपर न कोई संज्ञान लिया और न ही अपने प्रदेश अध्यक्ष के विरुद्ध कोई कार्यवाही की। कांग्रेस की मानसिकता सनातन धर्म और हिंदू विरोधी है, जो छत्तीसगढ़ में हिंदुओं के उत्पीड़न के साथ-साथ कर्नाटक के चुनाव में उसके घोषणा पत्र के जरिए एक बार फिर सामने आ गई है।
देश को बांटने का काम करती है कांग्रेस : सोनी
वहीं सांसद सोनी ने राज्य में बजरंग दल को बैन किए जाने की चर्चाओं पर कहा कि, कांग्रेस की मानसिकता हिंदू विरोधी है। कांग्रेस पार्टी तुष्टीकरण के मार्ग पर चल रही है। चाहे देश में कितनी भी अशांति फैल जाए, एक वर्ग को खुश करने के लिए कांग्रेस ये कदम उठाएगी ही। कांग्रेस देश को बांटने का काम करती है। कांग्रेस वोट बैंक को एकत्रित करने का शॉर्टकट रास्ता अपनाना चाहती है। सुनील सोनी ने कहा कि, मैं कांग्रेस के निर्णय का विरोध करता हूं और इसे अपराध भी मानता हूं। इस काम में भूपेश बघेल जी भी उसकी सहमति दे रहे हैं। यह छत्तीसगढ़ को आग में झोंकने जैसा है। वहीं सीएम भूपेश बघेल ने कहा है कि, बजरंग दल की शिकायत मिली तो बैन करने पर विचार किया जाएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS