साइंस कॉलेज चौपाटी का विरोध : अनिश्चितकालीन धरना जारी, राजेश मूणत बोले- अवैध है चौपाटी निर्माण, सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित साइंस कॉलेज मैदान के पास बन रहे चौपाटी का भाजपा लगातार विरोध कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ यहां अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। भाजपा के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी चौपाटी बनाने का लगातार विरोध कर रहे हैं। इसके बाद मामला रायपुर कोर्ट पहुंच गया है।
दरअसल जीई रोड साइंस कॉलेज मैदान पर नगर निगम रायपुर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चौपाटी का निर्माण कर रही है। इसका भाजपा लगातार विरोध कर रही है। इसी कड़ी में आज राजेश मूणत ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ यहां अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। विरोध-प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री मूणत ने आरोप लगाया कि रायपुर के मास्टर प्लान के नियमों के खिलाफ यहां चौपाटी निर्माण किया गया है, जो अवैध है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से देर रात तक यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहेगा। इसके कारण यूनिवर्सिटी के आसपास हमेशा विद्यार्थियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। यहां पर कई कॉलेज और विश्वविद्यालय समेत लाइब्रेरी भी है। यहां पढ़ने के लिए शांत माहौल रहना चाहिए, जो चौपाटी के कारण बिगड़ जाएगा। वहीं नशा कारोबार, लूटपाट और छेड़खानी जैसे अपराधों में भी वृद्धि होगी। श्री मूणत ने कहा कि इस चौपाटी के विरोध में अगर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक भी जाना पड़ा, तो हम जरूर जाएंगे।
उग्र आंदोलन की दी थी चेतावनी
उल्लेखनीय है कि, बीते महीने इसी चौपाटी के विरोध में BJYM के प्रदेश मंत्री और रविशंकर विवि के पूर्व अध्यक्ष प्रखर मिश्रा ने स्मार्ट सिटी प्रमुख और नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा था। इसमें उन्होंने कहा था कि स्मार्ट सिटी और निगम के इस निर्णय से शहर के हजारों पढ़ने वाले स्टूडेंट्स प्रभावित होंगे। उन्होंने रविशंकर यूनिवर्सिटी के कुलपति से भी इस संबंध में विस्तार से चर्चा की थी। स्मार्ट सिटी को लेकर उचित निर्णय नहीं लेने पर युवाओं के हित में यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्षों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
पिछले महीने में भी हुआ था धरना-प्रदर्शन
इस दौरान प्रखर मिश्रा ने कहा कि यहां जब नशे का कारोबार बढ़ेगा, तो उसका जिम्मेदार आखिर कौन होगा? यहां दूरदराज क्षेत्रों से ग्रामीण बच्चे पढ़ने आते हैं, वे भी इस माहौल से बुरी तरह प्रभावित होंगे। बीते महीने इसी के विरोध में राजेश मूणत और भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती पटेल के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन और विरोध भी हुआ था। इसके बाद मांग पूरी नहीं होने पर जनवरी महीने से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी गई थी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS