राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र : सत्यनारायण शर्मा बोले- बापू ने अंग्रेजों की नींव हिलाई इसलिए वे राष्ट्रपिता, राहुल ने भाजपा की नींव हिला दी तो वे राष्ट्रपुत्र हुए

राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र : सत्यनारायण शर्मा बोले- बापू ने अंग्रेजों की नींव हिलाई इसलिए वे राष्ट्रपिता, राहुल ने भाजपा की नींव हिला दी तो वे राष्ट्रपुत्र हुए
X
सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि, महात्मा गांधी राष्ट्रपिता थे तो राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र हैं। अंग्रेजी राज में जैसा था, वैसा ही आज दिख रहा है। मोदी सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है। और क्या कहा पढ़िए पूरी खबर...

गौरव शर्मा/रायपुर। कांग्रेस नेत राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के मामले को लेकर छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में कांग्रेस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रही है। इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा प्रेस वार्ता ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि, महात्मा गांधी राष्ट्रपिता थे तो राहुल गांधी राष्ट्रपुत्र हैं। अंग्रेजी राज में जैसा था, वैसा ही आज दिख रहा है। मोदी सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है।

विपक्ष की आवाज दबाई जा रही

सत्यनारायण शर्मा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, आज देश में अपनी बात कहना गुनाह हो गया है। विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है, जो अंग्रेज किया करते थे, वह आज होता नजर आ रहा है। अडाणी के घोटाले पर पर्दा डालने की कोशिश हो रही है। पूरा विपक्ष चाहता है, जेपीसी जांच हो, सरकार को क्या समस्या है? उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने अंग्रेजों की नींव हिला दी थी। राहुल गांधी ने मोदी सरकार की नींव हिला दी है। मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस जनता के बीच जाएगी। भाजपा की कलई खुल चुकी है, अब जनता फैसला करेगी।

देश से भाजपा को भगाएंगे राहुल गांधी

विधायक सत्यनारायण शर्मा ने अंग्रेजों से भाजपा की तुलना करते हुए कहा कि, देश के लोगों ने अंग्रेजों को देश से भगाया, अब राहुल गांधी देश से भाजपा को भगाएंगे। भाजपा अंग्रेजों की नीति पर चलती है। अंग्रेज भी विरोधियों को कुचलने का काम करते थे।

कांग्रेस पागलपन का शिकार हो गई : सुनील सोनी

राहुल गांधी को राष्ट्रपुत्र कहने के सत्यनारायण शर्मा के बयान पर भाजपा सांसद सुनील सोनी ने पलटवार किया है। सांसद सोनी ने कहा कि, कांग्रेस पागलपन का शिकार हो गई है। इसी पागलपन में इस तरह के बयान आ रहे हैं। कांग्रेस के प्रदर्शन पर कहा कि, आप किसके खिलाफ आंदोलन, धरना प्रदर्शन कर रहे हैं कांग्रेस को ये क्लियर करना चाहिए।

Tags

Next Story