हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में राहुल का पत्र और मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट बांटी जाएगी

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में राहुल का पत्र और मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट बांटी जाएगी
X
प्रदेश कांग्रेस की बैठक में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की विस्तृत रणनीति बनाई गयी। 26 जनवरी से शुरू होने वाला हाथ से हाथ जोड़ो अभियान तीन स्तरों पर आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक स्तर से इसकी शुरुआत होगी।

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस की बैठक में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की विस्तृत रणनीति बनाई गयी। 26 जनवरी से शुरू होने वाला हाथ से हाथ जोड़ो अभियान तीन स्तरों पर आयोजित किया जाएगा। ब्लॉक स्तर से इसकी शुरुआत होगी। दो महीने में पदयात्रा हर गांव और मतदान केंद्र तक जायेगी। प्रत्येक ब्लॉक में एक माह हर गांव में बैठक होगी। डोर टू डोर जनसंपर्क किया जायेगा। यात्रा के मूल संदेश के साथ राहुल गांधी का पत्र हर घर वितरित होगा। मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट बांटी जायेगी। हर दरवाजे पर भारत जोड़ो यात्रा का स्टीकर चिपकाया जाएगा।

बैठक अभियान के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की उपस्थिति में हुई। बैठक को संबोधित करते हुये कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा, राहुल गांधी ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्होंने इतिहास बनाया। उन्होंने देश में एकता भाईचारा कायम करने के लिये 3700 किमी की पदयात्रा करके देश को जोड़ने का काम किया। यह देश नहीं, विश्व के इतिहास में लिखा जायेगा। कन्याकुमारी से यात्रा शुरू होकर कश्मीर पहुंचने वाली है। शुरुआत में लोगों को इस यात्रा की सफलता पर संदेह हो रहा था, लेकिन यात्रा को ऐतिहासिक सफलता और जनता का समर्थन मिला है।

यात्रा को केरल, कर्नाटका, महाराष्ट्र, आंध्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा हर राज्य जहां से यात्रा गुजरी, राज्य दर राज्य भीड़ और समर्थन बढ़ता गया। 30 जनवरी को जम्मू में झंडावंदन होकर यात्रा समाप्त होगी। कैसे देश की एकता को खंड-खंड करने भाजपा लगी है, इन परिस्थितियों में राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की है। हाथ से हाथ जोड़ो भारत जोड़ो का दूसरा चरण है। एआईसीसी इस अभियान को लेकर गंभीर है। अभियान के माध्यम से गांव के अंतिम व्यक्ति तक जाना है।

हर ब्लॉक में वरिष्ठ कांग्रेसी करेंगे नेतृत्व

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, 2 माह की हाथ से हाथ जोड़ो पदयात्रा की सफलता के लिये जिलों एवं ब्लॉकों की अनिवार्य बैठक होनी चाहिये। 26 जनवरी से पहले सभी प्रभारी को जिलों का दौरा करना है। राहुल गांधी का संदेश, सरकार के 4 साल के काम, केंद्र सरकार की नाकामियों, आरक्षण संशोधन विधेयक पर भाजपा के चरित्र को जनता तक ले जाना है। हर ब्लॉक में रोज 10 किमी, 307 ब्लॉकों में 3000 किमी चलेंगे। यह जन संवाद कार्यक्रम दो महीने तक चलेगा। पदयात्रा का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा किया जायेगा। पदयात्रा का नेतृत्व करने प्रत्येक ब्लॉक में एक या दो वरिष्ठ नेताओं को नियुक्त किया जाए और नामों को एआईसीसी को सूचित किया जाए।

प्रियंका के नेतृत्व में महिला मार्च

राज्य स्तर पर समापन में बड़ी रैली होगी तथा महारैली को संबोधित करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और राष्ट्रीय स्तर के नेता आयेंगे। भारत जोड़ो मेला भी आयोजित होगा। राज्य स्तर पर युवा केंद्रित कार्यक्रम होगा। विशाल एलईडी स्क्रीन पर यात्रा के दृश्य दिखाए जायेंगे। प्रसिद्ध गायकों, कलाकारों, सोशल मीडिया प्रभावकों के साथ संगीत कार्यक्रम, सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। प्रियंका गांधी के नेतृत्व में राजधानी में महिला मार्च निकाला जाएगा। प्रियंका गांधी द्वारा समापन रैली में महिला घोषणापत्र का विमोचन किया जायेगा।

Tags

Next Story