'संवेदना' के लिए रायगढ़ पुलिस को मिला "इंडिया पुलिस अवार्ड" : 2020 में आई बाढ़ के दौरान आपदा प्रबंधन अभियान को मिली सराहना

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पुलिस के 'संवेदना' अभियान को नोएडा की प्रतिष्ठित 'गवर्नेंस नाऊ' संस्था ने आपदा प्रबंधन कैटेगरी में "इंडिया पुलिस अवार्ड 2022" से सम्मानित किया है। अगस्त 2020 में महानदी की भयावह बाढ़ के दौरान राज्य सरकार के निर्देश पर चलाए गए, पुलिस के बचाव और मानवीय सहायता अभियान 'संवेदना' में 48 गांव के 451 बाढ़ पीड़ित परिवारों को जीवनोपयोगी और पुनर्वास सामग्री मिलने से राहत मिली थी। इस प्रसंशित अभियान को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर शेयर भी किया गया था।
सैलाब की जद़ में आए थे महानदी के तटीय क्षेत्र
दरअसल 2020 में रायगढ़ और आस-पास में हुई भारी वर्षा से महानदी के तटीय क्षेत्र सैलाब की जद़ में आ गए थे। थाना पुसौर, सरिया, सारंगढ़ और कोसीर क्षेत्र के दर्जनों गांव इससे बुरी तरह प्रभावित हुए। पुलिस, जिला प्रशासन, होमगार्ड और एसडीआरएफ के बाढ़ बचाव दल ने सैकड़ों बाढ़ पीडितों को समय से विनाशकारी बाढ़ के बीच से बचाकर अस्थायी राहत शिविरों में ठहराया था। अधिकारियों ने राहत कैम्पों में भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सेवाओं की व्यवस्था कराई गई थी। तत्कालीन कलेक्टर भीम सिंह और पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह स्वयं राहत शिविरों में जाकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली थी।
इसलिए चलाया गया 'संवेदना' कैंपेन
बाढ़ को लेकर बिलासपुर आईजी दीपांशु काबरा ने पुलिस को मदद करने का निर्देश दिया। पुलिस से बाढ़ प्रभावितों ने चर्चा में कच्चे मकानों को सुधार कराए जाने में मदद की गुहार किए। उन्हें प्रशासन की ओर से नुकसानी-आंकलन के बाद उचित मुआवजा मिलने की जानकारी दिया गया तथा रायगढ़ पुलिस की ओर से भी मदद करने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक ने जनसहयोग से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए जीवनोपयोगी और पुनर्वास के सामानों को एकत्र करने "संवेदना" कैंपेन चलाया गया। लोगों को राहत देने वाले इस अभियान को मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था।
रायगढ़ पुलिस के संवेदना अभियान को मिला 'इंडिया पुलिस अवार्ड'
अब रायगढ़ पुलिस के उस "संवेदना" कैंपेन को नोएडा की प्रतिष्ठित गवर्नेंस नाऊ की ओर से आपदा प्रबंधन कैटेगरी में दूसरी "इंडिया पुलिस अवार्ड, 2022" से सम्मानित किया गया। संस्था ने रायगढ़ पुलिस का सम्मान तत्कालीन रायगढ़ एसपी संतोष सिंह, जो वर्तमान में कोरबा में पुलिस अधीक्षक हैं, को एक वर्चुअल पुरस्कार समारोह में आमंत्रित कर यह अवार्ड दिया। बता दें कि संस्था की ओर से देशभर के सैंकड़ों नामांकन में से चयन के बाद कई कैटेगरी में यह अवार्ड दिया जाता है।



© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS