राष्ट्रीय सह सरकार्यवाह मुकुंद बोले-धर्मातरण रोकने के लिए युवा भी आ रहे आगे

रायपुर: राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ रायपुर महानगर की शाखा ने रविवार को राजधानी रायपुर में राष्ट्र चेतना संगम कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय सह सरकार्यवाह मुकुंद सीआर ने कहा, हिंदू समाज को संगठित और जागृत करना है। आरएसएस के लोग हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। गांव-गांव में जहां धर्मांतरण हो रहा है, वहां अगर आरएसएस के स्वंयसेवक नहीं हैं तो भी गांवों से युवा इसको रोकने में लगे हैं।
श्री मुकुंद ने कहा, आज देश में समाज के क्षेत्र में परिवर्तन का काम हो रहा है। हमारे लोग आर्थिक, सुरक्षा, वैचारिक क्षेत्र, समरसता, गौसेवा, पर्यावरण सहित हर क्षेत्र में काम कर रहे हैं। समाज में बदलाव लाने का काम किया जा रहा है। हिंदू समाज को जागृत करने के लिए काम हो रहे हैं। धर्मांतरण काे रोकने के लिए भी सब लगे हुए हैं। देश की युवा पीढ़ी भी इस बात को समझ रही है, इसलिए गांवों में धर्मांतरण के खिलाफ युवा आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, परंपराओं की रक्षा करना भी हम सबकी जिम्मेदारी है। हमारी परंपरा में सेवा निःस्वार्थ भाव से की जाती है। ऐसी परंपराएं हर समाज, पंथ, संप्रदाय में है। समाज में जीवनमूल्य के मायने हैं, नियम बदल सकते हैं किन्तु मूल्य नहीं बदल सकते। पूजा पद्धति अलग हो सकती है, किन्तु जीवन मूल्य नहीं बदलते। जनजातीय परंपरा वैदिक या अवैदिक हो सकता है, मत पंथ, संप्रदाय अलग हो सकते हैं किन्तु मूल्य तो पूरे भारत का एक ही है।
परिवार सिखाता है संस्कार
श्री मुकुंद ने कहा, चिंता का विषय है कि, शिक्षा में परिवर्तन होना चाहिए। संघ की दृष्टि केवल स्कूल कॉलेज की शिक्षा नहीं है, वह महत्व का है, गणित, विज्ञान सीखते हैं लेकिन बड़ी शिक्षा परिवार और समाज से भी मिलती है। परिवार सिखाता है संस्कार, समुदाय में वातावरण भी सिखाता है। संघ ने कुटुंब प्रबोधन के क्षेत्र में भी प्रयास शुरू किया है। पूर्वजों से मिले मूल्यों का पालन करना चाहिए, यह बताया जाता है। परंपराओं की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी।
धर्म की रक्षा से समाज सुरक्षित: मंगलदास ठाकुर
अध्यक्षता कर रहे मंगलदास ठाकुर ने कहा, भारत के कण-कण, रग- रग में भगवान का वास होता है। कुछ लोग पिछले कुछ वर्षों से भारत के वातावरण को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। इस देश में अनेक विदेशी ताकतें आईं, इन्होंने प्राचीन मार्ग को छोड़कर अपना प्रचार किया। विदेशी धर्म प्रचार किया, हिंदुओं की संख्या कम होने लगा। जनजातीय राजाओं ने भी पूरे देश में अनेक क्षेत्रों में शासन किया, विदेशी ताकतों से मुकाबला किया। रानी दुर्गावती ने बलिदान दिया, उनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बस्तर में जगह जगह धर्मांतरण हो रहा है, पैसे के बल पर, पिछड़े समाज में भी मतांतरण हो रहा है। भारत में हिन्दू धर्म को कमजोर करने का षड्यंत्र रच रहा हैं। आज हम सबको जागरूक रहने की आवश्यकता है।
रमन सिंह दर्शक दीर्घा में
आरएसएस द्वारा देश के हर राज्य में राष्ट्र चेतना संगम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश के सभी जिलों में यह आयाेजन हो रहा है। कई जिलों में यह आयोजन हो चुका है, वहीं कई जिलों में आयोजन होना बचा है। राजधानी रायपुर में रविवार को मंडी गेट के पास एफसीआई के मैदान में यह आयोजन किया गया। इसमें भारी संख्या में स्वयंसेवक गणवेश में पहुंचे। यही नहीं, स्वयंसेवकों के परिजन भी पहली बार आरएसएस के कार्यक्रम में आए। इस आयोेजन को कुंटुब सम्मेलन के रूप में आयोजित किया गया। हजारों की संख्या में पहुंचे स्वयंसेवकों में भाजपा के पूर्व मंत्री और नेता भी शामिल हुए। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और उनके पुत्र पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी दर्शक दीर्घा में नजर आए।
भाजपा नेता भी गणवेश में
प्रदेश भाजपा के कई नेता भी आरएसएस से जुड़े हैं। ऐसे में रायपुर के सांसद सुनील सोनी, बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश के पूर्व मंत्री राजेश मूणत, भाजपा नेता छगन मूंदड़ा, श्रीचंद सुंदरानी, दिनेश सुंदरानी, संजय श्रीवास्तव, केदार गुप्ता, सलीम राज, लाभचंद बाफना सहित और कई नेता गणवेश में पहुंचे तथा आरएसएस के नेताओं का उद्बोधन सुना।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS