दुष्कर्मी पिता : बेटी से मिलने आने के बहाने करता था दुष्कर्म, पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने छोड़ा था घर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक शर्मसार मामला सामने आया है। यहां एक पिता, अपनी 9 साल की मासूम के साथ दुष्कर्म करता था। आरोपी पिता उद्योगपति है जिसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपी की पत्नी अपनी 9 साल की बेटी के साथ अपने मायके में रहने लगी। इस दौरान आरोपी पिता, अपनी बेटी से मिलने के बहाने पत्नी के मायके आता था और दुष्कर्म करता था। बेटी ने अपनी मां को इस हरकत की जानकारी दी। इसके बाद बच्ची की मां ने पुलिस में मामले की शिकायत की। पूरा मामला सकरी थाना क्षेत्र का है।
दरअसल सकरी में रहने वाली महिला ने अपने पति के खिलाफ बेटी से दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। महिला ने बताया कि उनका और उनके पति के बीच संबंध ठीक नहीं थे। पति बिना बात के विवाद करता था। पति की आए दिन की प्रताड़ना से तंग आकर महिला, अपनी 9 साल की बेटी को लेकर बिलासपुर अपने मायके में आकर रहने लगी। पिछले तीन माह से वो यहां रह रही हैं।
मिली जानकारी के बीते जुलाई माह से उसके पति की नीयत, अपनी बेटी पर बिगड़ गई थी। उसने रायगढ़ में भी बेटी के साथ गलत हरकत की। जब महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद जब वह बिलासपुर आ गई, तब उसका पति बेटी से मिलने के बहाने आता था। यहां वह अच्छा व्यवहार करता और बेटी से अकेले मिलता था। इसी दौरान उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले ही बेटी ने अपनी मां को पिता के गलत हरकतों की जानकारी दी। मामला सामने आने पर महिला अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंची और अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज करवाया।
बेटी पर पड़ी पिता की बुरी नजर
पुलिस ने बताया की आरोपी की लोहे की चादर और ट्रक बॉडी बनाने का प्लांट है। शादी के बाद कुछ दिन तक दोनों पति-पत्नी का रिश्ता ठीक चला, लेकिन फिर पति ने नशे की हालत में घर आना शुरू कर दिया। सब बातों पर अपनी मनमानी करता और मना करने पर मारपीट करता था। महिला अपनी सामाजिक स्थिति और बेटी के कारण मजबूरी में प्रताड़ना सहते हुए ससुराल में ही रहती थी, लेकिन जब बेटी पर भी बुरी नजर पड़ी तो वह डर गई। वह बेटी को लेकर अपने मायके आ गई।
आरोपी की तलाश कर रही पुलिस
थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद पुलिस की टीम आरोपी की तलाश करने रायगढ़ गई थी। इस दौरान उसके घर में दबिश दी गई लेकिन, वह फरार मिला। पुलिस उसके सभी ठिकानों की जानकारी जुटाकर तलाश कर रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS