सड़कें बनी तालाब : 15 घंटे से लगातार हो रही बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

सड़कें बनी तालाब : 15 घंटे से लगातार हो रही बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
X
सबसे अधिक बारिश दुर्ग विकासखंड में हुई है। भू-अभिलेख विभाग के अनुसार दुर्ग विकासखंड में सबसे अधिक 782.3 मिमी, पाटन में 625.2 मिमी और धमधा में 401 मिमी पानी बरस चुका है। पढ़िए पूरी खबर...

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 9 अगस्त को सुबह से लेकर देर रात तक भारी बारिश हुई थी। इसके कारण शहर पानी से लबालब भर गया हैं। वहीं एक ओर शहर में पानी निकलने की व्यवस्था को लेकर निगम की पोल खुल गई है। सुपेला मार्केट की सड़कें तालाब बन गई। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्ग जिले में अब तक 603.2 मिमी बारिश हो चुकी है। सबसे अधिक बारिश दुर्ग विकासखंड में हुई है। भू-अभिलेख विभाग के अनुसार दुर्ग विकासखंड में सबसे अधिक 782.3 मिमी, पाटन में 625.2 मिमी और धमधा में 401 मिमी पानी बरस चुका है। बरसात के मौसम में दुर्ग जिले में 1123 मिमी बारिश होना आम बात है। अगर इसी तरह दो-तीन दिनों तक मौसम रहा तो यह आंकड़ा 70-80 फीसदी पहुंच जाएगा।

सड़कों पर बह रहा गंदा पानी


दुर्ग जिले के रिसाली, मरोदा, रुआबांधा, शंकर नगर, उरला, संतराबाड़ी, शिक्षक नगर, गया नगर, गंजपारा, करगीडीह स्थित निचली बस्तियों में बारिश का पानी भर गया हैं। नालियों में भी पानी भरने की वजह से सड़कों पर गंदा पानी बह रहा हैं। भिलाई शहर के सुपेला, चंद्र नगर, कोहका कैंप जामुल क्षेत्र में भी बारिश का पानी भर गया हैं। सड़कें भी पूरी तरह से डूब गई हैं। लगातार बारिश के चलते भिलाई शहर के तीनों अंडर ब्रिज चंद्रा-मौर्या चौक, प्रियदर्शिनी परिसर और नेहरू नगर पानी से डूब गया हैं। इसके साथ ही सिरसा गेट और उरला में बने अंडर ब्रिज में भी पानी भर गया। इसकी वजह से लोगों आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

चार साल का टूटा रिकार्ड

चार साल में पहली बार 9 दिन के अंदर ट्विनसिटी में 251 मिमी पानी गिरा है। कोरोना के बाद अगस्त के शुरुआती दिनों में पानी गिरने का नया रिकार्ड है। साथ ही 24 घंटे के अंदर 41.2 मिमी बारिश हुई है, जो पिछले चार साल में 9 अगस्त तक गिरे पानी से भी अधिक है। साल 2019 में 9 अगस्त तक 9 मिमी, साल 2020 में 40.4 और साल 2021 में 2.2 मिमी पानी गिरा था। ट्विनसिटी में इस सीजन का 54 प्रतिशत पानी गिर चुका। सामान्य स्थिति में 1 जून से 30 सितंबर तक दुर्ग-भिलाई में 1123 मिमी पानी गिरता है। 9 अगस्त तक 591.9 मिमी पानी गिरना चाहिए। अभी तक 610.5 मिमी पानी गिर चुका है, जो सामान्य से 3 फीसदी अधिक है।

यलो अलर्ट जारी


मौसम वैज्ञानिक हरिप्रसाद चंद्रा का कहना है कि, अभी एक अवदाब की स्थिति बनी हुई है। इसके प्रभाव से बुधवार को भी ट्विनसिटी में भारी बारिश के आसार हैं। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है।

Tags

Next Story