बिलासपुर में RSS का घोष वर्ग प्रशिक्षण शुरू, 19 को आ रहे हैं संघ प्रमुख मोहन भागवत

Mission 2023 : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत 19 नवंबर को यहां आ रहे हैं। वे रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मदकूद्विप में आयोजित आरएसएस के तीन दिवसीय घोष वर्ग प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में शामिल होंगे। पढ़िए पूरी खबर-
रायपुर/बिलासपुर। 2018 के विधानसभा चुनाव में करारी हार का सामना कर चुकी बीजेपी (Bjp) के लिए अब आरएसएस (RSS) ने 2023 के चुनाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है। बिलासपुर (Bilaspur) में बुधवार से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का तीन दिवसीय घोष वर्ग प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। यह आयोजन मदकूद्विप में किया जा रहा है। आयोजन के आखिरी दिन 19 नवंबर को संघ प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) भी शामिल होंगे। भागवत यहां आरएसएस के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।
17 नवंबर से आयोजित यह प्रशिक्षण शिवर आवासीय होगा। यहां स्वयंसेवक और पदाधिकारियों के रहने और भोजन की भी व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण शिविर में संघ के सौ से भी ज्यादा सेवक भाग ले रहे हैं। इस आयोजन के अंतिम दिन कार्यकर्ता सम्मेलन होगा, जिसमें संघ प्रमुख शामिल होंगे। समापन के मौके पर आयोजित सम्मेलन में स्वयंसेवक के साथ ही भाजपा नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजपा की केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व मिशन 2023 (Mission 2023) की रणनीति बनाकर काम कर रही है। इसके लिए युवाओं को जोड़ने के लिए एक बूथ 20 यूथ की तर्ज पर जिला, मंडल, बूथ और शक्ति केंद्रों में युवा कार्यकर्ता तैयार किए जा रहे हैं। वहीं, भाजपा के सभी अनुषांगिक संगठन भी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं। इन सबसे अलग राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर्दे के पीछे से प्रदेश में भाजपा की स्थिति पर निगरानी रख रही है। इस बीच संघ के पदाधिकारियों के निर्देश पर संघ के स्वयंसेवक से लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से राय भी ली गई है।
RSS प्रमुख मोहन भागवत 19 नवंबर को रायपुर आएंगे। वहां से दोपहर 2 बजे मदकूद्विप (MadkuDwip) पहुंचेंगे। भोजन के बाद RSS के घोष वर्ग का समापन करेंगे। इस दौरान पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। साथ ही कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दीपदान का आयोजन भी किया गया है। इस दिन संघ प्रमुख मदकूद्विप में चार घंटे बिताएंगे। 19 नवंबर को ही आयोजन में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, मस्तूरी विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांडेय के साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
भाजपा और उनके अपने सहयोगी संगठनों में भी सियासी सक्रियता बढ़ गई है। दरअसल, संघ प्रमुख पहली बार मदकूद्विप आ रहे हैं। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि मदकूद्विप चार जिलों की सीमा के बीच है। लिहाजा, बिलासपुर के साथ ही मुंगेली, बेमेतरा और भाटापारा, बलौदाबाजार जिले के साथ बिलासपुर संभाग के पदाधिकारी शामिल होंगे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS