कायम रहे कानून का राज : कानून-व्यवस्था सुधारने मुस्तैदी की ताकीद, निगरानी, पेट्रोलिंग, अवैध शराब, और गुंडे बदमाशों पर सख्ती के निर्देश

कुश अग्रवाल-बलौदाबाजार। जिला प्रशासन इन दिनों कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में जुटा है। इसमें धान खरीदी केंद्रों में पेट्रोलिंग और कोचिया एवं बिचौलियों पर कार्रवाई, सड़क दुर्घटना, अवैध कब्जा, अवैध शराब बिक्री, दुकानों में ओवर रेटिंग, पुराना विवाद और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई को शामिल किया गया है।
इसके लिए कलेक्टर रजत बंसल और एसएसपी दीपक झा ने शनिवार को यहां कार्यपालिक मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेकर जिले में कानून एवं व्यवस्था की ताजा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने दोनों अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ घटनाओं पर नजर रखते हुए समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर बंसल ने बैठक में कहा कि धान खरीदी प्रारंभ हुई है, उस पर आप सभी अवश्य रूप से नजर रखें। इसके साथ ही समय-समय पर कुछ खरीदी केन्द्रों पर पुलिस की पेट्रोलिंग भी जरूरी है। इस दौरान विशेषकर कोचिया एवं बिचौलिया की गतिविधियों पर नजर रखी जाए। सीमाओं पर निर्मित जांच-नाका पर अवैध धान परिवहन के उपाय किये जायें। श्री बंसल ने रोड़ एक्सीडेंट पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए नगरों के कुछ क्षेत्रों में अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले की अस्पताल एवं ऊंचे बिल्डिंगों का फायर ऑडिट करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बताया कि फायर की दृष्टिकोण से क्या कमियां हैं, इसे पूरा कराया जाए। साम्प्रदायिकता एवं धर्मांतरण के मामलों का समय पूर्व निदान कर लें। यदि कोई पुराना विवाद है तो उसके बारे में समीक्षा कर निर्णय लिया जाना चाहिए।
असामाजिक तत्वों की बनाई जाएगी सूची
सोशल मीडिया पर भी नजर रखें। यदि कोई गलत तथ्य प्रकाशित किया जा रहा है, तो उस पर सोशल मीडिया मॉनीटरिंग समिति के सामने लाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। असामाजिक तत्वों को सूचीबद्ध कर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस तरह एसीएडीएम-एसडीओपी की संयुक्त बैठक अब अपने क्षेत्र में हर 15 दिनों में आयोजित करने के निर्देश दिए है। साथ ही ओवर रेट में हो रही शराब बिक्री पर भी नजर रखने कहा है।
भारी वाहनों पर कार्रवाई और हटाए जाएंगे अवैध कब्जे
पुलिस अधीक्षक दीपक झा ने कहा कि सीमेन्ट कम्पनियों की बड़ी-बड़ी गाड़ियों को नियन्त्रित किया जाए। उनके कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बेजा कब्जा को हटाने की कार्रवाई भी की जाए। चिटफण्ड कम्पनियों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।बैठक में अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी राजेन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ गोपाल वर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सचिंद्र चौबे भी उपस्थित थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS