संजू त्रिपाठी हत्याकांड : आरोपी को भागने में मदद करने वाला, पिस्टल लाने वाला समेत 16 आरोपी गिरफ्तार, पर अब तक नहीं पकड़ा गया शूटर...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में हुए हिस्ट्रीशीटर संजू त्रिपाठी हत्या मामले में सोमवार को 2 और युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। दोनों आरोपी सावन पाठक और अभिषेक मिश्रा को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से पकड़ा है। पकड़े गए आरोपियों ने संजू की हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को उपलब्ध कराया था। घटना में शामिल अब तक 16 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन शूटर अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। 16 लोगों की गिरफ्तरी के बावजूद संजू को गोली मारने वाले को पुलिस अब तक नहीं पकड़ पाई है। फिलहाल शूटर की तलाश की जा रही है।
दरअसल, 14 दिसंबर को संजू त्रिपाठी की सकरी बाई पास में अज्ञात शूटरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, छतीसगढ़ में तलाश कर रही थी। सूचना पर कपिल के पिता जयनारायण त्रिपाठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनके मोबाइल से कपिल की कई बातचीत की रिकार्डिंग भी मिली। जांच में पता चला कि मृतक संजू पूरी प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था और अपने पिता की गोद ली हुई लड़की के साथ जबर्दस्ती संबंध बनाता था, जिसके चलते संजू के मुंहबोली बहन के पति, उसके पिता, खुद मुंहबोली बहन, कपिल की पत्नी और अन्य ने मिलकर संजू की हत्या की साजिश रची।
दो बार पहले भी की गई थी हत्या की कोशिश
इसके लिए कपिल के एक साथी प्रेम श्रीवास ने यूपी से 5 शूटर 10 लाख रुपये में लाए थे, जिनको एडवांस में 5 लाख रुपए भी दिया जा चुका था। इसके अलावा प्रेम ने रायगढ़ के हथियार सप्लायर के साथ मिलकर हथियारों की व्यवस्था की थी। शूटर आकर कपिल के अमेरी स्थित घर के बाहर आउट हॉउस में रुके थे, जिन्होंने दो बार पहले भी हत्या की कोशिश की थी पर सफल नहीं हुए थे। उन्हें पता चला कि संजू पिछले चार से पांच दिनों से गांव आता जाता है, तब उसकी रेकी कर वापसी में गोली मार दी गई।
14 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने संजू त्रिपाठी के पिता जय नारायण त्रिपाठी, भाई कपिल त्रिपाठी, पत्नी सुचित्रा त्रिपाठी, दोस्त प्रेम श्रीवास, अमन गुप्ता, जीजा भरत तिवारी, आशीष तिवारी, रवि तिवारी और राजेंद्र सिंह ठाकुर समेत 14 लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। वहीं 2 आरोपियों को पुलिस ने आज पकड़ा, जबकि संजू को गोली मारने वाला शूटर अब भी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS