कलेक्टर और सीईओ को संस्कारधानी ने दी विदाई : कला, कलम और कलाई की नगरी है संस्कारधानी राजनांदगांव : सिन्हा

कलेक्टर और सीईओ को संस्कारधानी ने दी विदाई : कला, कलम और कलाई की नगरी है संस्कारधानी राजनांदगांव : सिन्हा
X
अपने विदाई समारोह में कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा, मीडिया के साथ एक परिवार की तरह महसूस हुआ। प्रशासनिक क्षेत्र में कार्य करने के लिए गाड़ी के चार पहिए में से एक है मीडिया। प्रेस एवं मीडिया सेफ्टी वाल्व की तरह... पढ़िए और किसने क्या कहा...

राजनांदगांव। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर को आज प्रेस क्लब में विदाई दी गई। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि संस्कारधानी राजनांदगांव कला, कलम एवं कलाई की नगरी है। यह गजानन माधव मुक्तिबोध, डॉ. पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी एवं डॉ. बल्देव प्रसाद मिश्र की कर्मभूमि है। यहां एक वर्ष से ज्यादा कार्य करने का अवसर मिला और पीछे मुड़कर देखने एवं विश्लेषण करने पर मन में एक संतुष्टि का भाव है। प्रशासन का कार्य मुख्य रूप से समन्वय का कार्य है। जनसामान्य की बातों को सुनना तथा अपने अधीनस्थों के प्रति सकारात्मकता का भाव जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि कार्यों में प्रगति के लिए प्रेरणा एवं प्रोत्साहन जरूरी है। किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के लिए चार बातें जरूरी है कि अधीनस्थ के प्रति उनका भाव सकारात्मक होना चाहिए, जनसामान्य के प्रति सहज उपलब्ध रहें, जनप्रतिधियों की बात सुनें तथा मीडिया से सतत संपर्क बनाए रखें।

जिला पंचायत सीईओ श्री चंद्राकर ने कहा कि एक वर्ष सेवा देने का मौका मिला। स्थानांतरण एक शासकीय प्रक्रिया है। इस कार्यकाल के दौरान कलेक्टर का सहयोग मिला और कैसे यह एक वर्ष बीता पता ही नहीं चला तथा कोई भी कार्य नहीं रूका। कलेक्टर की दूरदर्शिता से सभी योजनाओं में काफी अच्छी स्थिति रही। प्रेस क्लब के संरक्षक सुशील कोठारी ने कहा कि कलेक्टर श्री सिन्हा ने कोरोना के तीसरी लहर में प्राथमिकता के साथ टीकाकरण एवं जिला चिकित्सालय के उन्नयन तथा स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कार्य किया और लोगों की मदद की। कई ऐसे अधूरे एवं चुनौतीपूर्ण कार्य थे जिसे उन्होंने पूरा किया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सचिन अग्रहरि ने कहा कि कलेक्टर श्री सिन्हा परिवार के मुखिया के तौर पर प्रेस क्लब आते रहे हैं और वे यहां रचे बसे हैं। हमारे और उनके बीच आत्मीयता रही। भले ही वह स्थानांतरण पर दूसरे जिले जा रहे हैं, लेकिन वहां से भी वे हमारी चिंता करेंगे। इस अवसर पर प्रेस क्लब के संरक्षक अशोक पाण्डे, सचिव अनिल त्रिपाठी, प्रेस क्लब हॉऊसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष मिथलेश देवांगन एवं प्रेस क्लब के अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।




Tags

Next Story