सौर सुजला योजना ने बदली किस्मत : दो फसलों के अलावा सब्जियां भी उगाकर खुशहाल हो रहे किसान

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सौर सुजला योजना (Saur Sujala Yojana) के अंतर्गत किसानों को सौर ऊर्जा संचालित सिंचाई पंप प्रदान कर रहा है। इससे ग्रामीण अंचल के किसानों को सिंचाई करने में आसानी हो रही है। ग्रामीण इस योजना का लाभ ले रहे हैं। किसान दो फसलें लेकर अपनी आय में वृद्धि कर रहे हैं। राज्य में किसानों को आर्थिक रूप से सम्पन्न बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सौर सुजला योजना बेहतर साबित हो रही है। सोलर पम्प प्रदाय कर किसानों को सिंचाई की सुविधा दी जा रही है और यह लाभ उन किसानों को दिया जाता है जिनके पास जल स्त्रोत जैसे नदी, तालाब, कुआं और बोरवेल पहले से ही उपलब्ध हैं। राज्य में इसका क्रियान्वयन छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण द्वारा किया जा रहा है।
इस योजना के तहत अकेले बलरामपुर (Balrampur) जिले के 9,143 किसानों को सौर सुजला योजना का लाभ दिया गया है। इससे दुर्गम क्षेत्रों में भी किसानों के खेतों में फसल लहलहा रही है। अब किसानों को बरसात के पानी पर आश्रित नहीं रहना पड़ता। किसान अब योजना से लाभ लेकर दो से ज्यादा फसलों और सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। किसानों की अच्छी फसल होने से उनके आय में वृद्धि हो रही है।

दोहरी फसल से आमदनी में हुई वृद्धि
बलरामपुर जिले के विकासखण्ड रामचंद्रपुर के ग्राम चंदनपुर के किसान बनारसी मेहता बताते हैं कि, उनके पास 1.5 एकड़ कृषि भूमि है, जिस पर उन्होंने नलकूप खनन के बाद क्रेडा विभाग के सहयोग से सिंचाई के लिए सोलर पम्प की स्थापना करवाई है। फिलहाल मेहता धान और सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि, सोलर पम्प की स्थापना के बाद से वे दोहरी फसल का लाभ ले रहे हैं। इससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है।
अब सिंचाई के लिए बरसात पर निर्भर नहीं हैं किसान
बलरामपुर के ग्राम कृष्णानगर के किसान सुकुमार ने साल 2023-24 में 03 एचपी क्षमता के सोलर पम्प लगवाया। उनके पास लगभग 1.5 एकड़ कृषि भूमि है। वे बताते हैं कि, समय पर बारिश के न होने से धान की रोपाई का काम रूक गया था। लेकिन सोलर पम्प लगने से सही समय में धान की रोपाई हो सकी। उन्होंने बताया कि, अब वे धान के अलावा साग-सब्जी का भी उत्पादन कर रहे हैं।
रबी-खरीफ फसलों के साथ-साथ सब्जियों का भी कर रहे उत्पादन
सौर सुजला योजना से आज जिले के किसान रबी और खरीफ फसलों के साथ-साथ सब्जियों का उत्पादन बिना परेशानी के कर रहे हैं। इस योजना ने पानी की समस्या खत्म कर दी है जिससे सभी प्रकार की सब्जियों के उत्पादन के साथ अन्य कार्य भी सुचारू तरीके से किया जा रहा है। किसान धान के साथ सब्जी की फसल भी ले रहे हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त लाभ मिल रहा है।
बिजली बिल की समस्या भी खत्म
बलरामपुर के ग्राम कोटरकी के किसान आशामुनी ने बताया कि, पहले खरीफ की फसल आसानी से हो जाती थी। लेकिन पानी की समस्या के कारण रबी की फसल लेने में दिक्कत होती थी। साथ ही बिजली की समस्या भी हो रही थी। लेकिन अब सोलर पम्प लगने से बिजली-बिल की समस्या खत्म हो गई। अब वे खरीफ और रबी दोनों फसल बड़ी आसानी से ले पा रहे हैं और इससे उनकी आमदनी बढ़ी है।
ऐसे ले सकते हैं योजना का लाभ
क्रेडा विभाग के अधिकारी ने बताया कि, वर्तमान में सौर सुजला योजनान्तर्गत जिले को 1500 पम्प लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके लिए इच्छुक कृषक अपना आधार कार्ड, भूमि का खसरा, रकबा और कार्य स्थल का सत्यापित नक्शा, जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति और आवेदन शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट (पम्प अनुसार) 03 एचपी के लिए 03 हजार, 05 एचपी के लिए 4800 रुपये और स्थापना स्थल के फोटोग्राफ्स, पासबुक की छायाप्रति के साथ अपने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, क्रेडा या उप संचालक कृषि कार्यालय से संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS