Scam : पुलिस में भर्ती नाम के नाम पर गोलमाल…आईजी ऑफिस के कांस्टेबल ने बेरोजगारों को लगाया करोड़ों का चूना...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में IG दफ्तर के एक कॉन्स्टेबल ने DGP कोटे से पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर बेरोजगार युवकों और उनके परिजनों से एक करोड़ 13 लाख रुपयों की ठगी कर ली। कॉन्स्टेबल युवकों को फर्जी सिलेक्शन लिस्ट दिखाकर धोखे में रखा, कॉन्स्टेबल के इस कांड में उसका जीजा भी शामिल था। पुलिस ने दोनों के आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बताया जाता है कि, पहले भी वह BJP पार्षद और नगर निगम कर्मी के साथ मिलकर इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है।
टीआई ने किया घटनाक्रम का खुलासा
इस पुरे मामले को लेकर सिविल लाइन टीआई परिवेश तिवारी ने बताया कि, मस्तूरी क्षेत्र के रहने वाले महेश पाल और दूसरे बेरोजगार युवकों ने नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराइ थी। उन्होंने बताया कि, IG ऑफिस में पदस्थ आरक्षक पंकज शुक्ला ने उन्हें पुलिस विभाग में नौकरी लगाने की बात कही, कॉन्स्टेबल ने पीड़ितों से कहा कि, विभाग के अधिकारियों से उसकी अच्छी जान-पहचान है और वह उनकी नौकरी लगा सकता है। लेकिन, इसके लिए उन्हें पैसे देने होंगे।
शिकायत के बाद युवकों को चला पता
पुलिस की नौकरी पाने की उम्मीद को लेकर बेरोजगार युवक उसकी बातों में आ गए। जिसके बाद पंकज शुक्ला ने युवकों से कुल एक करोड़ से 13 लाख रुपए ठग लिए। आरक्षक जब नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी के एक दूसरे केस में फंसा तब उसके झांसे में आए बेरोजगार युवकों को इसका पता चला। इस बीच कॉन्स्टेबल जेल जाने के बाद जमानत पर छूट गया। जिसके बाद पीड़ित युवक और परिवार के सदस्य उसके घर पहुंचे। वहां पर कोरबा के अमरैय्यापारा निवासी आरक्षक का जीजा रमाशंकर पांडेय मिला। उसने रुपए वापस करने का भरोसा दिलाया और उन्हें लौटा दिया। लेकिन, बाद में आरक्षक और उसका जीजा पैसे वापस करने टालमटोल करने लगे।
CSP ने की मामले की जांच
परेशान होकर पीड़ितों ने इसकी शिकायत IG और SP से की। जिसकी जांच सीएसपी को करने के निर्देश दिए गए। सीएसपी ने पीड़ितों का बयान दर्ज किया और पैसे देने के सबूतों की जांच की, जिसमें सभी आरोप सही पाए गए, जिसके बाद उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने आरक्षक पंकज शुक्ला और उसके जीजा रमाशंकर पाण्डेय के खिलाफ धारा 120 (बी), 420 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
कहा- बड़े अधिकारियों से है जान-पहचान
पीड़ित युवकों ने पुलिस को बताया कि, आरक्षक पंकज शुक्ला ने सभी युवकों को बताया था कि, उसकी पहुंच कई पुलिस मुख्यालय में बड़े अफसरों तक है। इसलिए वह DGP कोटे से वह कई लोगों की नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए आरक्षक ने बेरोजगार और उनके परिजनों से एडवांस में पैसे लिए।
फर्जी सिलेक्शन लिस्ट दिखा लिया झांसे में
बेरोजगार युवकों के पैसे देने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी, तब सभी आरक्षक पंकज शुक्ला के पास गए। इस दौरान उन्होंने पैसे वापस देने की मांग की, जिस पर आरक्षक ने उन्हें झांसा दिया। साथ ही बताया कि उसके पास सिलेक्शन लिस्ट आ गया है, जिसमें सभी का नाम है। उसने भरोसे में लेने के लिए युवकों को फर्जी सिलेक्शन लिस्ट भी दिखाई। साथ ही कहा कि बाकी के पैसे देने के बाद उन्हें नियुक्ति आदेश भी दे दिया जाएगा। इसके बाद युवक फिर से उसके भरोसे में आ गए।
21 बेरोजगारों से वसूले 1 करोड़ 13 लाख रुपए
आरक्षक पंकज शुक्ला ने महेश पाल, किशन पाल, टिकेश्वर पाल, रोहित तिवारी, सुरेश पाल, हिंछाराम निर्मलकर, दिनेश कुमार पांडेय, त्रिलोकी सिंह मार्को, सुरेश कश्यप, मोतीलाल मिश्रा, रामचंद्र उपाध्याय, अभिजीत सिंह, भीमसेन राठौर, वेद प्रकाश मिश्रा, गणेश पाल, दिनेश पाल, नरेंद्र कुमार साहू, विपिन प्रकाश मिश्रा, विरेंद्र त्रिपाठी, रवि पाठक, विनोद मिश्रा से सौदा किया था। सभी युवकों व उनके परिजनों से उसने अलग-अलग सौदा किया था और तीन से पांच लाख और उससे ज्यादा पैसे वसूल लिए। युवकों ने बताया कि सभी से करीब एक करोड़ 13 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS