स्कूल बस पलटी : पिकनिक मनाने भोरमदेव जा रहे थे शिक्षक और बच्चे, ब्रेकर से उछलकर पलट गई, सवार सभी 17 घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम तालपुर में एक तेज रफ्तार स्कूल बस पलट गई। इस हादसे में 17 लोग घायल हो गए, जिसमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का प्राथमिक इलाज लोहारा में किया गया, इसके बाद गंभीर घायलों को खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव रेफर किया है। ये सभी पिकनिक मनाने भोरमदेव जा रहे थे, तभी यह घटना घटी।
बस में सवार सभी लोग घायल, सात की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला स्थित अल्फा इंग्लिश स्कूल के शिक्षक और कर्मचारियों ने पिकनिक मनाने कवर्धा के भोरमदेव मंदिर जाने का प्लान बनाया था। सभी 17 लोग बस में सवार होकर खैरागढ़ से भोरमदेव जाने के लिए निकले। बस तालपुर पहुंची थी, जो यहां सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में सभी 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर है। अब इनमें सामान्य घायलों का इलाज लोहारा में चल रहा है।
ब्रेकर से उछलकर तीन बार पलटी खाई बस
बताया गया है कि बस की रफ्तार काफी तेजी थी। तालपुर क्रशर प्लांट के सामने स्टेट हाइवे पर बड़े आकार का ब्रेकर बना है। ब्रेकर से उछलने पर बस का एक्सल टूट गया, जिससे वह अनियंत्रित हो गई और तीन बार पलटी खायी। इससे बस के सामने और ऊपर का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। बस में फंसे लोगों की चीख पुकार दूर दूर तक सुनाई दे रही थी। राहगीरों और ग्रामीणों ने बस में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और लोहारा अस्पताल ले कर गए।
बस में अधिकांश महिलाएं थीं
घटना की जानकारी मिलते ही सहसपुर लोहारा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। यह भी बताया गया है कि बस में सवार 17 लोगों में दो महिलाएं थीं। इसमें चार बच्चे भी थे। पुलिस घायलों का बयान लेने अस्पताल पहुंची और घायलों का हालचाल जाना।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS