शिवप्रकाश की बड़े नेताओं को दो टूक- अब सत्ता नहीं रही, कार्यकर्ताओं पर ध्यान दें, नहीं चलेगा परिवारवाद

रायपुर. प्रदेश भाजपा कार्यसमिति में राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिवप्रकाश ने काफी तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने बड़े नेताओं से दो टूक कहा- 15 साल सत्ता में रहने के कारण सत्ता के गुण आ जाते हैं। आपको यह समझना होगा कि आप इस समय सत्ता में नहीं हैं। सत्ता के गुण छोड़ें और कार्यकर्ताओं पर ध्यान दें। भाजपा में कार्यकर्ता ही परिवार हैं। इस परिवार पर फोकस करें, परिवारवाद पर नहीं। आप रहे होंगे भले बड़े नेता, लेकिन इस समय जिनको कमान सौंपी गई है, आपको उनके निर्देश पर चलना है।
सौदान सिंह के स्थान पर प्रदेश के संगठन प्रभारी बनने के बाद शिवप्रकाश का पहली बार रायपुर आगमन हुआ। वे यहां पर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा कार्यसमिति में शामिल हुए। समापन समरोह में उनके तीखे तेवर से सबको दो-चार होने का मौका मिला। उन्होंने कहा, भाजपा की यहां पर 15 साल सरकार रही है। ऐसे में सत्ता के गुण सबमें आ जाते हैं, लेकिन यह वक्त ऐसे गुणों को किनारे करने का है। आपको अपना पूरा फोकस कार्यकर्ताओं पर करना है।
नियुक्तियों के लिए अंतिम डेडलाइन
प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने भी बैठक में कहा, भाजपा का भाग्य हमेशा कार्यकर्ता ही तय करते हैं। जिस मनोयोग और पराक्रम से कार्यकर्ता जुटते हैं, हम हमेशा सफलता की ओर होते हैं। उन्होंने कहा, हालात कैसे भी रहे हों, हमने विजय के लक्ष्यों के लिए काम किया है और भविष्य में भी करते रहेंगे। इसी के साथ उन्होंने अब तक बचीं नियुक्तियां न होने पर नाराजगी जताते हुए कहा, बार-बार कहने के बाद भी नियुक्तियां पूरी नहीं हो सकी हैं। प्रदेश कार्यसमिति के बाद आठ दिनों के अंदर जिलों की कार्यसमिति होती है। यह अंतिम मौका है, इसके पहले बची नियुक्तियां पूरी हो जानी चाहिए।
जिला अध्यक्षों से मांगा पूरा लेखा-जोखा
बैठक में डी. पुरंदेश्वरी ने सभी जिलाध्यक्षों के साथ मोर्चा के अध्यक्षों से पूरा लेखा-जोखा मांगा। किस जिले में कितनी नियुक्तियां हो चुकी हैं, कितनी बची हैं। इसी के साथ बूथ, मंडल और जिलों में क्या-क्या कार्यक्रम किए गए हैं, सबकी जानकारी ली। जहां नियुक्तियां बची हैं, उसका कारण भी पूछा।
सरकार सत्ता के सुख में मस्त : साय
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, हम सबका एक ही लक्ष्य मिशन-2023 का है। जनविरोधी प्रदेश सरकार की असफलता को जनता के बीच लेकर हमें बताना होगा कि यह सरकार केवल सत्ता के सुख में मस्त और व्यस्त है। भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने शोक प्रस्ताव रखा। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री नारायण चंदेल ने किया। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी सहित कार्यसमिति के सदस्य मौजूद थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS