सिलगेर गोलीकांड : बैरंग लौटा भाजपा जांच दल, कटे हुए पेड़ से रास्ता अवरुद्ध

सिलगेर गोलीकांड : बैरंग लौटा भाजपा जांच दल, कटे हुए पेड़ से रास्ता अवरुद्ध
X
प्रशासन ने जांच दल को बांसागुड़ा से आगे जाने पर पहले ही रोका था लेकिन उसके बाद भी भाजपा जांच दल आगे बढ़ा। इसके बाद जांच दल को कटे हुए पेड़ से जंगली रास्ते को अवरोध कर दिया गया था। पढ़िए पूरी खबर-

रायपुर। बीजापुर जिले के सिलगेर गोलीकांड मामले में भाजपा जांच दल आधे रास्ते से ही वापस लौट चुका है। भाजपा का जांच दल मामले की जांच के लिए आज सिलगेर के लिए रवाना हुआ था। जांच दल को रास्ता बंद मिला, जिसके बाद वे बैरंग लौट गये। प्रशासन ने जांच दल को बांसागुड़ा से आगे जाने पर पहले ही रोका था लेकिन उसके बाद भी भाजपा जांच दल आगे बढ़ा। इसके बाद जांच दल को कटे हुए पेड़ से जंगली रास्ते को अवरोध कर दिया गया था। रास्ता बंद मिलने पर जांच दल लौट आया।

गौरतलब है कि नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के सिलगेर में सुरक्षा बलों के कैंप का विरोध करने के दौरान गोलीबारी हो गई थी। इस गोलीकांड में तीन ग्रामीणों की जान चली गई थी। ग्रामीणों ने सरकार, पुलिस और प्रशासन को जमकर कोसा। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए उन्हें समझाइश देने कलेक्टर ने जिला पंचायत सभागार में बैठक आहूत की जिसमें कलेक्टर, एसपी सहित विधायक विक्रम मंडावी भी शामिल हुए। बैठक में ग्रामीणों ने अफसरों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और सिलगेर कैम्प तत्काल हटाने की मांग दोहराई। साथ ही कहा कि जब तक कैम्प नहीं हटाया जाता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस मामले में पुलिस द्वारा की गई आठ ग्रामीणों की गिरफ्तारी को गलत बताते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की। गोमेड निवासी कृष्णा कडती ने बताया कि सिलगेर में पुलिस की गोली का शिकार बने मृत कवासी भगत ( चुटवाही) सुग्गा मुरली (गुडेम )और उइका भीमा ( तिम्मापुरम) को निर्दोष बताते हुए इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों को दंडित करने की भी मांग की।

फायरिंग में मृत तीनों ग्रामीणों के शव को पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। इनके पूर्व जिला मुख्यालय पहुंचकर ग्रामीणों ने पुलिस एवं प्रशासन पर निर्दोष ग्रामीणों को परेशान करने का आरोप लगाया और उनके गिरफ्तार साथियों की तत्काल रिहा करने की मांग की।

वहीं राज्य में विपक्ष की भूमिका निभा रहे भारतीय जनता पार्टी ने इस गोलीकांड को लेकर सरकार को घेरना शुरू कर दिया। भाजपा ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाये और इस मामले क जांच के लिए एक जांच दल का गठन भी किया। भाजपा का जांच दल मामले की जांच के लिए आज सिलगेर के लिए रवाना हुआ था लेकिन रास्ता बंद होने के कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।

Tags

Next Story