साहब मेरी जान को खतरा है : गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष ने एसपी-कलेक्टर को सौंपा शिकायती पत्र

रविकांत सिंह राजपूत- मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष केवल सिंह मरकाम ने कलेक्टर से शिकायत की है। केवल सिंह ने अपनी शिकायत में कहा है कि, विधायक गुलाब कमरो द्वारा उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं से मारपीट कराकर उनमें दहशत फैलाई जा रही है। वहीं उनकी जान को भी खतरा है।
केवल सिंह मरकाम ने अपने शिकायती पत्र में लिखा है कि, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ता विधायक कमरो द्वारा क्षेत्र में की जा रही अनियमितता के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे हैं। वे उनकी हर खामियां जनता के सामने गिना रहे हैं। इसी के चलते विधायक द्वारा हमारे कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और दुर्व्यव्हार कराया जा रहा है।
मुझे उप सरपंच बनने से नहीं रोक पाए विधायक
केवल सिंह मरकाम ने कहा है कि, वे गृहग्राम साल्ही के उप सरपंच भी हैं। समय-समय पर केवल सिंह मरकाम विधायक की नाकामियों को मंचों के माध्यम से और सोशल मीडिया से गिनाते नजर आते हैं। गुलाब कमरो चाहकर भी केवल सिंह मरकाम को उप सरपंच बनने से नहीं रोक पाए।

विधायक की नाकामी गिनाने से है बौखलाहट
शिकायत में मरकाम ने लिखा है कि, इसी बौखलाहट के चलते विधायक द्वारा हमारे पार्टी के पदाधिकारियों जैसे जनकपुर ब्लॉक अध्यक्ष, भरतपुर ब्लॉक अध्यक्ष, मनेन्द्रगढ़ के नगर अध्यक्ष, एमसीबी जिलाध्यक्ष समेत और भी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, झूठे मामलों में फंसाने का षडयंत्र किया जा रहा है। घटना की जानकारी उन्हीं के नेताओं द्वारा केवल सिंह मरकाम को दी गई है। उन्होंने कहा कि, विधायक की हरकतों से मेरी पार्टी के पदाधिकारियों में भय व्याप्त है। उन्होंने कहा है कि, मेरे साथ कोई घटना घटती है तो उसका जिम्मेदार स्थानीय विधायक होंगे। उन्होंने इसकी शिकायत कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर की है।
मेरे साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है : केवल सिंह
केवल सिंह मरकाम ने कहा है कि, हमने विधायक के खिलाफ जितने भी आवेदन दिए है, उन पत्रों का अब तक जिला प्रशासन ने निराकरण नहीं किया है। इसी कारण मेरे साथ कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसका मुझे अंदेशा है। इस वजह से मैं इस बात की सूचना आपको दे रहा हूं। यदि किसी भी प्रकार की घटना होती है तो उसे मेरे द्वारा लिखी गई बातों से जोड़कर लिया जाए। उन्होंने कहा कि, गोंडवाना का भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र में अच्छा जनाधार है। पिछले बार के विधानसभा चुनाव में उन्हें 26 हजार वोट मिले थे।
Tags
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS