कांग्रेसी नेता के बेटे ने ग्रामीणों को कुचला, 4 साल के एक बच्चे की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे किया जाम

गरियाबंद। कांग्रेस नेत्री के बेटे पर ग्रामीणों को देर रात कार से कुचलने का आरोप लगा है। इस घटना में 4 साल के एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के पिता भी जिला कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर मंगलवार सुबह मालगांव के पास नेशनल हाईवे जाम कर दिया है, जिसके चलते वाहनों को डायवर्ट किया गया है।
घटना मालगांव में सोमवार रात 10.30 बजे की है। जानकारी के मुताबिक रावण दहन के बाद ग्रामीण अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान ढाबे पर खाना खाकर लौट रहे कार सवार 4-5 युवकों से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि थोड़ी देर बाद युवक फिर लौट और तेज रफ्तार कार से ग्रामीणों को कुचलते हुए भाग निकले। घटना में 4 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों में महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर का बेटा भी शामिल है। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने सुबह महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता राठौर के घर का घेराव कर दिया। इस दौरान ग्रामीण बड़ी संख्या में मालगांव के पास नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और जाम लगा दिया। महिलाएं सड़क पर बैठी हैं।
बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में थे। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए घटना स्थल तक वाहनों को नहीं आने-जाने दिया जा रहा है। बसों का आवागमन बंद है। पुलिस ने 15 किमी पहले पांडुका और राजिम से वाहनों को छुरा डायवर्ट किया है। जबकि ओडिशा की ओर से आने वाले वाहनों को गरियाबंद से दो किमी पहले पंतोरा नाला से डायवर्ट किया जा रहा है।
ग्रामीण घायलों को 10-10 लाख रुपए और मृतक के परिजनों को 25 लाख व सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं। साथ ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और उन्हें गांव के चौराहे पर लाने की भी मांग की जा रही है।
घायलों में से 4 को गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंची है। पुलिस ने दो आरोपियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन्हें कोर्ट में पेश करने की तैयारी चल रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS