हनुमान जन्मोत्सव पर विशेष आयोजन : श्री सालासर सुंदरकांड जन कल्याण समिति ने हवन-पूजन, सुंदरकांड पाठ के साथ रखा भव्य भंडारा

सोमा शर्मा-राजिम। गुरुवार को पूरे देश में भगवान हनुमान का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। वहीं छत्तीसगढ़ के राजिम-नवापारा में भी हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। नगर की विभिन्न सामाजिक समितियों द्वारा हवन, पूजन, सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में नगर के श्री सालासर सुंदरकांड जन कल्याण समिति की तरफ से भी हवन, पूजन और बड़े स्तर पर भंडारे का आयोजन किया गया। इस आयोजन में नगर के श्रद्धालुओं सहित आस-पास के नागरिक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी भी शामिल रहे। नगर की अन्य समितियों की तुलना में यह सालासर समिति अपने विशिष्ट जन कल्याणकारी कार्यों के कारण विशेष पहचान बनाए हुए है। देखिए वीडियो-
श्री सालासर सुंदरकांड जन कल्याण समिति के उद्देश्य
नवापारा की यह श्री सालासर सुंदरकांड जनकल्याण समिति 14 वर्ष पूर्व बनाई गई थी। समिति में अलग-अलग आयु वर्ग और समाज के सदस्य शामिल हैं। समिति की ओर से नगर के अलावा पूरे प्रदेश में सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाता है। इस आयोजन में चढ़ोत्री राशि का उपयोग समाज और नगर के जनकल्याणकारी कार्यों में लगाया जाता है, जिसके अंतर्गत नगर के विभिन्न शालाओं में पढ़ने वाले निर्धन छात्रों की फीस (वर्ष 22-23 में लगभग 100 छात्र), निर्धन कन्याओं का विवाह ( वर्ष 22 में 12 कन्या), गरीब परिवारों में मृत्यु होने पर भोजन, राशि का सहयोग (वर्ष 22 में 40 परिवार) इसके अलावा निःशक्तजनों के आश्रमों में आवश्यकता की वस्तुएं, शासकीय शालाओं में आवश्यकताओं की वस्तुएं, और असहायों के इलाज के लिए भी समिति की तरफ से समय-समय पर राशि मुहैया करवाई जाती है। उल्लेखनीय है की समिति की तरफ से पूरे कोरोनाकाल के दौरान नगर के लोगों की मदद के साथ ही जानवरों के लिए चारे, रोटी और पानी की व्यवस्था विशेष रूप से की गई थी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS