रफ्तार ने ली दो लोगों की जान : मेटाडोर ने पहले बाइक सवार को मारी टक्कर, फिर भागने के चक्कर में दूसरी बाइक को भी लिया चपेट में, दो की मौत, एक गंभीर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक तेज रफ्तार मेटाडोर ने दो अलग-अलग बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इससे दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा शुक्रवार देर शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। मामला मस्तूरी थाना क्षेत्र का है।
बाइक को टक्कर मारकर 15 मीटर तक घसीटता रहा
मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी तरफ से मेटाडोर माजदा क्रमांक CG 10 C 6462 तेज रफ्तार से मल्हार की ओर जा रही थी। उसमें पीछे महिलाएं सवार थीं। मेटाडोर अभी ग्राम टिकारी के पास पहुंची थी कि, तभी सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना में युवक की बाइक CG 10 AY 1025 भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे के बाद आरोपी चालक मेटाडोर को रोकने के बजाए और तेजी से भागने लगा। इसी हड़बड़ी में उसने आगे जाकर ग्राम बकरकुदा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक क्रमांक CG 10 ED 7423 सवार को भी टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे युवक समेत बाइक को मेटाडोर करीब 15 मीटर तक घसीटता रहा। इस घटना में बाइक के पीछे बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मेटाडोर को छोड़कर भाग निकला।
चालक फरार
घटना के बाद राहगीरों ने संजीवनी 108 को जानकारी दी। लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक और दोनों शव को मस्तूरी अस्पताल पहुंचाया गया। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिम्स रिफर कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि दूसरा हादसा होने के बाद आरेापी चालक मेटाडोर छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद मेटाडोर में सवार महिलाएं वाहन से उतर कर पैदल जाने लगी। लोगों ने उनसे पूछताछ कर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं कुछ बोले बिना ही वहां से जाने लगीं। ऐसे में पता नहीं चल सका है कि मेटाडोर कहां से कहां जा रही थी।

बाइक सवारों की नहीं हुई पहचान
संजीवनी 108 के कर्मचारियों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। घायल युवक बदहवाश था और बोलने की स्थिति में नहीं था। इसके चलते उसकी पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, दोनों मृतकों की भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। मौके पर पहुंची पुलिस बाइक नंबर के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों की जानकारी जुटा रही है।

© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS