प्रदेश भाजपाध्यक्ष का सीएम को पत्र- छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से शुरू हो धान खरीदी, बारदाने का भी हो समुचित इंतजाम

प्रदेश भाजपाध्यक्ष का सीएम को पत्र- छत्तीसगढ़ में 1 नवंबर से शुरू हो धान खरीदी, बारदाने का भी हो समुचित इंतजाम
X
अरुण साव ने धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री को एक पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने एक नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का आग्रह किया है। श्री साव ने कहा कि पिछले साल धान खरीदी में देरी होने से किसानों को नुकसान हुआ था। और क्या कहा पढ़िए पूरी खबर...

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को एक पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने एक नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का आग्रह किया है। श्री साव ने कहा कि पिछले साल धान खरीदी में देरी होने से किसानों को नुकसान हुआ था। किसानों के हित में 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने का आदेश तत्काल प्रभाव से जारी करें।

1 नवंबर से शुरू करें धान खरीदी

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर तक धान पक कर, कटकर तैयार हो जाएगी। किसान बमुश्किल एक पखवाड़े तक रुक सकते हैं। इसलिए 1 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की जानी चाहिए। देर से खरीदी शुरू होने पर किसान समर्थन मूल्य से 5 से 6 सौ रुपए प्रति क्विंटल कम कीमत पर धान बेचने विवश हो जाते हैं, क्योंकि उन्हें धान कटाई, मिंजाई का पैसा देना होता है। लेनदार उनके सिर पर खड़े हो जाते हैं। किसान को भारी नुकसान से बचाने इस बार 1 नवंबर से खरीदी शुरू की जानी चाहिए।

बारदाना का भी प्रबंध करें

प्रदेश अध्यक्ष साव ने मुख्यमंत्री से कहा कि हम आपको याद कराना चाहते हैं कि आप पूर्व में ऐसा अनुभव करते रहे हैं कि 1 नवंबर से धान खरीदी होना चाहिए। आप पहले इसकी मांग करते रहे हैं। अब पिछले 4 सालों से आप शासन का संचालन कर रहे हैं, तो आपके पास अधिकार है। आप चाहे तो यह व्यवस्था लागू कर सकते हैं। पिछले साल यदि 1 नवंबर से धान खरीदी की मांग आपने स्वीकार कर ली होती तो किसानों का धान सही समय पर समर्थन मूल्य में खरीदा जा सकता था और किसानों की फसल पानी में बर्बाद होने से बच सकती थी। भविष्य में किसान बर्बाद न हों, इसके लिए 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करने की नितांत आवश्यकता है। साथ ही धान खरीदी के लिए बारदाना का प्रबंध भी करें। अभी डेढ़ माह का समय शेष है। सभी तैयारियां सुनिश्चित करने यह समय पर्याप्त है। आपसे आग्रह है कि अन्नदाता किसान को नुकसान से बचाने 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू करें।

Tags

Next Story