राज्य स्तरीय युवा महोत्सव : सीएम 28 जनवरी को करेंगे महोत्सव का शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में 28 जनवरी को पूर्वान्ह 11 बजे राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। महोत्सव का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत शामिल होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मंत्री उमेश पटेल करेंगे।
युवा महोत्सव में छत्तीसगढ़िया खेल- फुगड़ी, भौंरा और गेड़ी दौड़ की स्पर्धाएं होंगी। साथ ही छत्तीसगढ़ी लोक गीत और लोक नृत्य करमा, राउत नाचा, पंथी, सरहुल, सुवा, बस्तरिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति भी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में देखने को मिलेगी। महोत्सव में छत्तीसगढ़ी संस्कृति से संबंधित चित्रकला, छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वेशभूषा और व्यंजनों का फूड फेस्टिवल का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 28 जनवरी से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में प्रदेशभर के 3 हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
महोत्सव के पहले दिन 28 जनवरी को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोकगीत, तात्कालिक भाषण, शास्त्रीय संगीत हिन्दुस्तानी और कर्नाटका संगीत, तबला और गिटार वादन की प्रतियोगिताएं होंगी। साथ ही निबंध, चित्रकला, खो-खो महिला एवं पुरुष, कबड्डी महिला एवं पुरुष तथा कुश्ती महिला एवं पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS