अजब मामला, परिजनों की रजामंदी फिर भी घर से भागे प्रेमी प्रेमिका: एक महीने बाद मामूली बात पर प्रेमिका को पीट-पीटकर मार डाला

बिलासपुर। मनेंद्रगढ़ जिले के कठौतिया निवासी सविता कोल का प्रेम प्रसंग बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम बिटकुली में रहने वाले अनिकेत कोल से चल रहा था। दोनों शादी भी करना चाहते थे। एक-दो माह में ही उनकी शादी होने वाली थी। लेकिन अगस्त माह में मृतक सविता कोल अपने प्रेमी अनिकेत के साथ भाग कर उसके साथ उसके गांव चली गयी। परिजनों ने भी रिश्ता पक्का होने और विवाह होने की परिस्थितयों को देखते हुए कोई विवाद नहीं किया। और दोनों एक साथ रहने लगे। 21 सितंबर की रात अनिकेत ने सविता के पिता व परिजनों को सूचना दी कि बीमारी से उसकी मौत हो गई है।
लड़की के परिजनों को इस बात पर भरोसा नहीं हुआ, 22 सितंबर को परिजन बिटकुली गांव पहुंचे। और पुलिस में शिकायत की। एक महीने बाद आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में अंदरुनी चोट व सीने में खून जमने से युवती की मौत होने की बात सामने आई। इस आधार पर पुलिस ने आरोपी अनिकेत के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मामला कोटा थाना क्षेत्र का है।
खास बात यह है कि परिजन दोनों की शादी के लिए भी तैयार थे। उनकी एक-दो माह में शादी भी होने वाली थी। पुलिस ने बताया कि बेटी की मौत की खबर सुनकर यहां उन्हें बेटी की बीमारी से मौत पर भरोसा नहीं हुआ। लिहाजा, उन्होंने पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने मामले को जांच में लिया और शव का पोस्टमार्टम कराया। करीब एक माह बाद पीएम रिपोर्ट आई।
शादी के लिए तैयार थे लड़की के परिजन
आरोपी अनिकेत के रिश्तेदार कठौतिया गांव में रहते हैं। इसके चलते उसका गांव आना-जाना बना रहता था। इस दौरान उसकी युवती से मुलाकात हुई और दोनों में बातचीत होने लगी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे। युवक व युवती के परिजन भी उनकी शादी तय करने के लिए राजी हो गए। उन्होंने रिश्ता भी तय कर दिया था। अगस्त में अनिकेत उसे भगाकर अपने साथ ले आया था। तब से दोनों साथ रह रहे थे।
आरोपी ने स्वीकारी झगड़े और पिटाई की बात
अनिकेत ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि गांव में गणेश उत्सव चल रहा था। जहां डीजे में नाचने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। अनिकेत ने उसे अपने साथ नाचने के लिए कहा, लेकिन सविता ने मना कर दीया। वहीं पर दोनों के बीच बहसबाजी हुई, इसके बाद दोनों घर आ गए। जहाँ अनिकेत ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मारपीट की वज़ह से सविता बेहोश हो गई और उसकी मौत हो गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS