खुदखुशी या हादसा : कुएं में तैरता मिला पति का शव, भाई ने की बचाने की कोशिश, लेकिन हुआ नाकाम

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से कुएं में डूबने से मौत का मामला सामने आया है। यहां एक युवक की कुएं में डूबने से मौत हो गई है। युवक के कुएं डूबने की जानकारी मिलने पर परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल यह खुदखुशी या हादसा है इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। पूरा मामला घटना रामपुर चौकी क्षेत्र का है।
दरअसल बालको मुख्य मार्ग के पास पथर्री पारा में आज दोपहर के समय एक युवक की कुएं में तैरती हुई लाश मिली। इसे सबसे पहले युवक की गर्भवती पत्नी ने देखा था। बताया जा रहा कि, मृतक की पत्नी सुबह से उसके न मिलने के कारण परेशान थी। इसके बाद मृतक की पत्नी ने उसे ढूंढना शुरू किया। इसके बाद वो कुएं तक गई और उसमें झांककर देखा, तो उसमें पति की लाश तैरती नजर आई। मृतक का नाम रामप्रवेश राम बताया जा रहा है।
पत्नी को मिली पति की लाश
मिली जानकारी के अनुसार वर्षीय रामप्रवेश राम गैरेज में मिस्त्री का काम करता था। वह अपनी गर्भवती पत्नी रामकुंवर और अपनी 9 साल की बच्ची के साथ रहता था। रामप्रवेश आज सुबह से कहीं दिखाई नहीं दे रहा था, इस पर उसकी पत्नी दोपहर के वक्त उसे ढूंढ रही थी। इस दौरान उसे कुंए में तैरती पति की लाश दिखी। इस पर रामकुंवर ने शोर मचाकर आस-पास के लोगों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर कुंए के पास लोगों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने मृतक की लाश को कुंए से बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
भाई ने की थी बचाने की कोशिश
वहीं, मृतक के बड़े भाई इकराम प्रसाद राम ने बताया कि उसने भाई को बचाने के लिए कुएं में छलांग भी लगाई और उसे रस्सी से बांधकर निकाला, लेकिन वो बच नहीं सका। उसके सिर पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि, युवक ने खुदकुशी क्यों की, ये जांच के बाद पता चल सकेगा। फिलहाल परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि हादसे के एंगल से भी मामले की जांच की जा रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS